हड़पसर-घोरपड़ी के बीच तीसरी रेल लाइन के काम के लिए लिया जाएगा ब्लॉक; अकोला से गुजरने वाली ट्रेनों के मार्ग व समय में भी बदलाव
अकोला : आगामी सितंबर-अक्टूबर में पुणे की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। मध्य रेल के पुणे मंडल में हड़पसर-घोरपड़ी के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए पुणे एवं हड़पसर यार्ड में प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग तथा नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच अकोला से होकर पुणे जाने वाली कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार, इस अवधि में कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ के मार्ग बदले जाएंगे। इसके अलावा कुछ ट्रेनों की यात्रा आंशिक रूप से समाप्त अथवा शुरू की जाएगी। कुछ ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित करने के साथ ही कई गाड़ियों के समय में भी बदलाव किया जाएगा।
बदले मार्ग से चलेंगी ट्रेनें
12221 पुणे-हावड़ा एक्सप्रेस 19 सितंबर और 3 अक्टूबर को पुणे से निर्धारित मार्ग के बजाय लोणावला, कर्जत, पनवेल, कल्याण, इगतपुरी और मनमाड़ होते हुए गंतव्य की ओर रवाना होगी। वापसी में 12222 हावड़ा-पुणे एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को इसी परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी।
इसी तरह 12135 पुणे-नागपुर एक्सप्रेस 20 सितंबर को पुणे से रवाना होने के बाद लोणावला, कर्जत, पनवेल, कल्याण, इगतपुरी और मनमाड़ होकर नागपुर जाएगी।
दौंड तक ही जाएगी अमरावती-पुणे एक्सप्रेस
11026 अमरावती-पुणे एक्सप्रेस 19 सितंबर और 2 अक्टूबर को अमरावती से रवाना होकर दौंड में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं 11025 पुणे-अमरावती एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को पुणे के बजाय दौंड से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी।
इसके अलावा 22846 हटिया-पुणे एक्सप्रेस 2 अक्टूबर को दौंड में ही यात्रा समाप्त करेगी। वापसी में 22845 पुणे-हटिया एक्सप्रेस 4 अक्टूबर को पुणे के बजाय दौंड से सुबह 11.52 बजे रवाना होगी।
यात्रियों को पहले जांचना होगा ट्रेन का स्टेटस
तीसरी रेल लाइन के कार्य के चलते ट्रेनों के मार्ग, प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन तथा समय में बदलाव किया गया है। ऐसे में पुणे की यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन और समय की जानकारी रेलवे से जांचने की सलाह दी गई है।




