
अकोला |दैनिक दिव्य हिन्दी – शहर में भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच कई निजी स्कूलों ने फ़ीस वसूली के लिए प्री-सेशन के नाम पर नए सत्र की पढ़ाई शुरू कर दी है। हालांकि स्कूलों द्वारा 11 बजे तक छुट्टी दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद विद्यार्थी सुबह से ही तपती गर्मी की चपेट में आ रहे हैं। सुबह के समय ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शुरू हो जाता है, जिससे छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना चुनौतीपूर्ण बन गया है। अधिकांश विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ मोटरसाइकिल से या स्कूल बसों के जरिए सफर करते हैं, जहां उन्हें सीधे लू और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य पर खतरा
डॉक्टरों के अनुसार, इस तरह की भीषण गर्मी में बच्चों को डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर छोटे बच्चों की सेहत पर इसका ज्यादा असर पड़ सकता है।
अभिभावकों में चिंता
अभिभावकों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए स्कूल प्रबंधन और प्रशासन से अपील की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए प्री-सेशन कक्षाएं फिलहाल स्थगित की जाएं या ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं।
प्रशासन से अपेक्षा
नागरिकों का कहना है कि जिला प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप कर बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि इस भीषण गर्मी में विद्यार्थियों को राहत मिल सके।



