मुंबई- उत्तर भारत और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बनारस-हड़पसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ होने जा रहा है।यह नई ट्रेन सेवा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, जो लंबे समय से उत्तर प्रदेश और पुणे के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे। इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रा अधिक तेज, सुविधाजनक और किफायती होने की उम्मीद है। इस विशेष ट्रेन सेवा का उद्घाटन 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनारस से किया जाएगा।
स्पेशल ट्रेन संख्या 02531 का शाम 4 बजकर 45 मिनट बजे बनारस से रवाना होगी और कई राज्यों से गुजरते हुए 30 अप्रैल को रात 12 बजकर 55 मिनट हड़पसर स्टेशन पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक क्षण को लेकर यात्रियों और रेलवे प्रशासन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इन स्टेशनों पर रुकेगी
- अपने लंबे सफर के दौरान यह ट्रेन ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव और मनमाड जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
- महाराष्ट्र में प्रवेश के बाद पुणे मंडल के अंतर्गत 29 तारीख को कोपरगांव शाम 6 बजकर 45 मिनट, अहिल्यानगर 8 बजकर 35 मिनट और दौंड कॉर्ड लाइन 10 बजकर 35 और हड़पसर स्टेशन पर 30 तारीख को 12 बजकर 55 मिनट पर पहुंचेगी, इन स्टेशनों पर यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। इसे ट्रेन के चलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कई स्टेशनों में स्वागत समारोह की तैयारी
- पुणे मंडल में इस ट्रेन के आगमन को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कोपरगांव, अहिल्यानगर और हडपसर रेलवे स्टेशनों पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किए जाएंगे, रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, मंत्री चंद्रकांत पाटिल और सांसद अमोल कोल्हे प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
- इस आयोजन को लेकर छात्रों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। रेलवे के पुणे मंडल द्वारा कोपरगांव, अहिल्यानगर और हड़पसर के 6 स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 1 हजार से अधिक छात्र भाग लेंगे, निबंध विशेष रूप से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे विषयों पर लिखे जाएंगे।
रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा, यह ट्रेन न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ किफायती सफर का विकल्प भी देगी। इस नई सेवा के आगमन से पुणे मंडल में उत्साह का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने स्वागत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और यात्रियों को एक बेहतर यात्रा अनुभव देने का भरोसा जताया है।

