मुंबई : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाल के दिनों में बने हालात के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच राज्य में ईंधन की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की ईंधन कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि डर या अफवाहों के कारण जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल खरीदकर उसका भंडारण न करें।
भुजबळ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई जगहों पर सामान्य आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीदा गया है। इसके चलते मई महीने में सामान्य की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक पेट्रोल-डीजल की बिक्री दर्ज की गई है।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार और राज्य सरकार हर नागरिक को पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने में सक्षम हैं। इसलिए अफवाहों या भय के माहौल में अतिरिक्त स्टॉक करने की कोई जरूरत नहीं है।”इस दौरान मंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों के ईंधन बिक्री के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने, आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।




