स्मार्ट मीटर से बदलेगी बिजली सेवा, पावर कट की जानकारी तुरंत पहुंचेगी

बाळापूर : महावितरण की ओर से लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटर अब और भी ‘स्मार्ट’ होने जा रहे हैं। आने वाले समय में बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए महावितरण कार्यालय या कर्मचारियों को फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होते ही इसकी जानकारी सीधे स्मार्ट मीटर के माध्यम से महावितरण के नियंत्रण कक्ष तक पहुंच जाएगी।महावितरण इस नई प्रणाली के लिए विशेष सॉफ्टवेयर अपडेट करने का काम युद्धस्तर पर कर रहा है। इससे बिजली सेवा पहले से अधिक तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।

वर्तमान में आंधी, तूफान या तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने पर नागरिकों को महावितरण के टोल फ्री नंबर या स्थानीय कर्मचारियों को फोन कर शिकायत करनी पड़ती है। कई बार फोन व्यस्त रहने या समय पर जवाब नहीं मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिलती है। लेकिन अब स्मार्ट मीटर इस समस्या का स्थायी समाधान साबित होंगे।

नई तकनीक के तहत घर की बिजली आपूर्ति बंद होते ही स्मार्ट मीटर में लगी इन-बिल्ट कम्युनिकेशन प्रणाली के जरिए महावितरण के मुख्य सर्वर को स्वतः ‘पावर कट’ का संदेश भेजा जाएगा।इस अत्याधुनिक सुविधा के लिए महावितरण का आईटी सेल विशेष सॉफ्टवेयर विकसित कर रहा है, जो मीटर से आने वाले सिग्नल को तुरंत पहचानकर नियंत्रण कक्ष में बैठे कर्मचारियों को अलर्ट भेजेगा।बिजली बाधित होने का सटीक स्थान और संभावित कारण पहले से पता चलने पर महावितरण की तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कर सकेगी। इससे बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here