12 अगस्त को नासिक रोड-बडनेरा मेमू सहित कई ट्रेनें रद्द, जानें पूरी सूची

अकोला: मध्य रेलवे के भुसावल मंडल में इगतपुरी-भुसावल रेलखंड के भादली से जलगांव के बीच पांचवें रेलमार्ग परियोजना के तहत भादली स्टेशन यार्ड के पुनर्निर्माण एवं नए रेलमार्ग की जोड़णी का कार्य 12 अगस्त को किया जाएगा। इस नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई यात्री एवं मेमू गाड़ियां रद्द रहेंगी, जबकि कुछ लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग अकोला होकर परिवर्तित किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार नासिक रोड–बडनेरा विशेष मेमू (01212) तथा बडनेरा–नासिक रोड विशेष मेमू (01211) 12 अगस्त को पूरी तरह रद्द रहेंगी। इससे नासिक, मनमाड और बडनेरा मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।

रेलवे ने बताया कि गाड़ी संख्या 17019 हिसार–हैदराबाद एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 12716 अमृतसर–नांदेड एक्सप्रेस को 11 अगस्त से भुसावल सी-केबिन (कॉर्ड लाइन)–अकोला–पूर्णा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारणी अवश्य जांच लें।

कई ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 11040 गोंदिया–कोल्हापुर एक्सप्रेस को अकोला-भुसावल के बीच लगभग 1 घंटा 15 मिनट नियमन किया जाएगा। वहीं 20625 चेन्नई सेंट्रल–भगत की कोठी एक्सप्रेस अकोला-जलगांव के बीच लगभग 2 घंटे तक नियंत्रित रहेगी। इसके अलावा मनमाड-जलगांव तथा खंडवा-भुसावल रेलखंड की कई एक्सप्रेस गाड़ियां 1 से 3 घंटे तक विलंब से चलने की संभावना है।

12 अगस्त को पूरी तरह रद्द रहेंगी ये ट्रेनें

12 अगस्त को नंदुरबार–भुसावल, भुसावल–नंदुरबार, नासिक रोड–बडनेरा, बडनेरा–नासिक रोड, इगतपुरी–भुसावल, भुसावल–इगतपुरी, देवलाली–भुसावल, भुसावल–देवलाली, दादर–भुसावल, भुसावल–दादर, भुसावल–कटनी एवं संबंधित वापसी सेवाएं रद्द रहेंगी। इसके अलावा सूरत–भुसावल और भुसावल–सूरत एक्सप्रेस की कुछ फेरियां भी निरस्त की गई हैं।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले NTESRailYatri ऐप अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here