अकोला- यात्रियों को स्लीपर श्रेणी में अधिक सीटें उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण मध्य रेल के नांदेड़ मंडल ने तीन ट्रेनों की कोच संरचना में स्थायी बदलाव करने का फैसला किया है। इसके तहत एक थर्ड एसी कोच हटाकर स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। नांदेड़-एलटीटी एक्सप्रेस की सोमवार और बुधवार की फेरियों में यह बदलाव 21 और 23 दिसंबर से लागू होगा।
स्लीपर श्रेणी में बढ़ेंगी सीटें
अकोला शहर, रेल यात्रियों को स्लीपर श्रेणी में अधिक सीटें उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण मध्य रेल के नांदेड़ मंडल ने तीन एक्सप्रेस ट्रेनों की कोच संरचना में स्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (थर्ड एसी) कोच हटाकर उसकी जगह एक शयनयान यानी स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।इस बदलाव से स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें मिलेंगी। संशोधित व्यवस्था के अनुसार, संबंधित ट्रेनों में कुल 22 कोच होंगे। इनमें नांदेड़-तिरुचानुर एक्सप्रेस के साथ अकोला मार्ग से गुजरने वाली नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) एक्सप्रेस की सोमवार और बुधवार की फेरियां शामिल हैं।
नांदेड़-एलटीटी एक्सप्रेस में कब से बदलाव?
नांदेड़-एलटीटी एक्सप्रेस की सोमवार वाली फेरी में नांदेड़ से रवाना होने वाली ट्रेन में 21 दिसंबर 2026 से नई कोच संरचना लागू होगी। वहीं, एलटीटी से रवाना होने वाली गाड़ी में 22 दिसंबर से बदलाव प्रभावी होगा।इसी तरह बुधवार की फेरी में नांदेड़ से चलने वाली ट्रेन में 23 दिसंबर से और एलटीटी से रवाना होने वाली ट्रेन में 24 दिसंबर 2026 से संशोधित कोच संरचना लागू की जाएगी।
नांदेड़-तिरुचानुर एक्सप्रेस में नांदेड़ से रवाना होने वाली गाड़ी में 19 दिसंबर 2026 से नई व्यवस्था लागू होगी। तिरुचानुर से चलने वाली ट्रेन में 20 दिसंबर से संशोधित कोच संरचना प्रभावी रहेगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
दक्षिण मध्य रेल के नांदेड़ मंडल ने यात्रियों से दिसंबर महीने में इन ट्रेनों में आरक्षण कराने या यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित कोच संरचना का ध्यान रखने की अपील की है। इससे यात्रियों को अपनी श्रेणी के अनुसार टिकट बुक करने में सुविधा होगी।




