उप निबंधक और डेटा ऑपरेटर 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
चंद्रपुर- चंद्रपुर के उप निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप निबंधक मोहन चंद्रकांत शेटट्टीवार और उनके डेटा ऑपरेटर को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से राजस्व एवं पंजीयन विभाग में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने पक्षकार की भद्रावती तहसील स्थित दो संपत्तियों के दस्तावेजों के पंजीकरण (रजिस्ट्री) के लिए चंद्रपुर उप निबंधक कार्यालय में आवेदन किया था। आरोप है कि उप निबंधक मोहन शेटट्टीवार ने अपने ऑपरेटर के माध्यम से प्रत्येक रजिस्ट्री के लिए 2,000 रुपये, कुल 4,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे, इसलिए उन्होंने 16 जून 2026 को ACB चंद्रपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान पंचों की उपस्थिति में रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद ACB ने कार्यालय परिसर में जाल बिछाया।पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने रिश्वत की राशि दी, जिसे उप निबंधक के निर्देश पर डेटा ऑपरेटर ने स्वीकार किया। उसी समय घात लगाए बैठी ACB टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई ACB नागपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. दिगंबर प्रधान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर के मार्गदर्शन में चंद्रपुर के उप पुलिस अधीक्षक अनिल जिट्टावार, पुलिस निरीक्षक सचिन धर्मेजवार तथा उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ACB ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी वैधानिक शुल्क के अतिरिक्त रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना निडर होकर ACB के टोल-फ्री नंबर 1064 पर दें या संबंधित कार्यालय से संपर्क करें।




