अकोला- अकोला–अमरावती–नरखेड़ रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से नई रेल सेवाओं की मांग कर रहे यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है। रेलवे प्रशासन इस मार्ग पर अकोला–जबलपुर निसर्ग आबा एक्सप्रेस और अमरावती–नागपुर एमईएमयू (MEMU) ट्रेन शुरू करने जा रहा है, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।करीब 135 किलोमीटर लंबी बडनेरा–नरखेड़ रेल लाइन का निर्माण लगभग दो दशक पहले किया गया था। इस मार्ग के चांदूर बाजार तक का संचालन भुसावल रेल मंडल, जबकि मोर्शी से नरखेड़ तक का संचालन नागपुर रेल मंडल करता है।
इस रेल परियोजना की आधारशिला पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव ने रखी थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने नरखेड़–अमरावती रेल मार्ग का उद्घाटन भी किया था। इस मार्ग पर सबसे पहले नरखेड़–भुसावल पैसेंजर ट्रेन चलाई गई थी। इसके बाद नरखेड़–काचेगुड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बाद में सिकंदराबाद–जयपुर एक्सप्रेस का संचालन भी इसी मार्ग से शुरू किया गया।
अब अकोला–जबलपुर निसर्ग आबा एक्सप्रेस और अमरावती–नागपुर एमईएमयू के शुरू होने से यात्रियों को नए यात्रा विकल्प मिलेंगे। इससे अकोला, अमरावती, मोर्शी और नरखेड़ क्षेत्र के यात्रियों को नागपुर और मध्यप्रदेश की ओर बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
रेल यात्री संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इन ट्रेनों के संचालन से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब यात्रियों को इन नई रेल सेवाओं के संचालन की आधिकारिक तिथि की घोषणा का इंतजार है।




