पंढरपुर- आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पावन नगरी पंढरपुर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग गई है। भगवान विट्ठल और माता रुक्मिणी के दर्शन के लिए महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों वारकरी पंढरपुर पहुंच रहे हैं। पूरे शहर में “विट्ठल-विट्ठल” और “विठू माऊली” के जयघोष गूंज रहे हैं।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर समिति और प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन मार्ग पर धूप और गर्मी से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था की गई है। साथ ही कतारों में बड़े कूलर और पंखे लगाए गए हैं, ताकि भक्तों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। जगह-जगह विश्राम स्थल, स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मंदिर समिति ने वारकरियों के भोजन की भी विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को सुबह शुद्ध देशी घी का हलवा और चावल-साबूदाने की खिचड़ी वितरित की जा रही है। वहीं दोपहर और रात के समय सभी भक्तों के लिए निःशुल्क महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी श्रद्धालु भूखा न रहे।
पंढरपुर में भक्तिमय वातावरण के साथ सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण
श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर समिति के सह-अध्यक्ष गहिनिनाथ महाराज औसेकर ने कहा कि आषाढ़ी यात्रा में आने वाला प्रत्येक वारकरी उनके लिए सबसे बड़ा ‘वीआईपी’ है। उन्होंने कहा कि भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु की सेवा और सुविधा सुनिश्चित करना मंदिर समिति की नैतिक जिम्मेदारी है।
मंदिर समिति का यह सेवा भाव केवल व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं है। सह-अध्यक्ष गहिनिनाथ महाराज औसेकर स्वयं दर्शन कतारों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से संवाद कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से पंढरपुर में भक्तिमय वातावरण के साथ सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है।बेहतर व्यवस्थाओं के चलते घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद वारकरियों का उत्साह और आस्था लगातार बनी हुई है।




