अकोला में अवैध बीज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, लाखो के कपास-मक्का बीज जब्त, कंपनी पर FIR दर्ज

अकोला | ( दैनिक दिव्य हिन्दी ) किसानों के हितों की रक्षा के लिए अकोला कृषि विभाग ने अवैध बीज कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महालक्ष्मी क्रॉप साइंस प्रा. लि. के विरुद्ध एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। 25 जून 2026 को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एमआईडीसी फेज-4 स्थित गोदाम पर छापेमारी की गई, जहां बिना वैध अनुमति बीजों का भंडारण और बिक्री किए जाने का आरोप है। इसके बाद FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कपास के 1,669 पैकेट और मक्का के 199 पैकेट, कुल 1,868 बीज पैकेट जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 20,60,969 रुपये है। मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के तहत दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने की। अभियान का नेतृत्व मोहीम अधिकारी महेंद्र अच्युतराव सालके, जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक सतीशकुमार दांडगे तथा कृषि अधिकारी (गुणवत्ता नियंत्रण) सुधाकर खंडारे ने किया। शिकायत जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक सतीशकुमार दांडगे की ओर से दर्ज कराई गई।

अधिकारियों के अनुसार, गोपनीय सूचना मिलने के बाद गोदाम की सघन जांच की गई, जिसमें बिना अनुमति बीजों के भंडारण और बिक्री के प्राथमिक साक्ष्य सामने आए। इसके बाद पंचनामा तैयार कर पूरा माल जब्त किया गया और संबंधित कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

यह पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी वर्षा मीना, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनय नावंदर, संचालक (गुणवत्ता नियंत्रण) सुनील बोरकर, विभागीय कृषि सहसंचालक गणेश घोरपड़े, मुख्य गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी प्रवीण देशमुख, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी इंगळ, कृषि विकास अधिकारी डॉ. तुषार जाधव, तकनीकी अधिकारी नितीन लोखंडे तथा कृषि अधिकारी संजय पाटील के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

दैनिक दिव्य हिन्दी लगातार नकली और अवैध बीज-खाद कारोबार के खिलाफ आवाज़ उठाता रहा है। किसानों के हित में हुई इस कार्रवाई को कृषि क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जांच के बाद दोषियों पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here