मुंबई: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय परीक्षा से पहले पेपर लीक की आशंका सामने आने के बाद लिया गया।परिषद के अनुसार, 28 जून को पूरे महाराष्ट्र में 1,028 परीक्षा केंद्रों पर TET परीक्षा आयोजित की जानी थी। NEET 2026 परीक्षा में सामने आए अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
इसी बीच 27 जून की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी में कुछ लोगों के पास TET परीक्षा से संबंधित जानकारी होने की सूचना मिली। इसके बाद भिवंडी पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापेमारी की। जांच के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पास मौजूद कुछ प्रश्न TET जून 2026 की प्रश्नपत्रिका से मेल खाते पाए गए।
इस मामले में भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।परीक्षा परिषद ने कहा है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण विस्तृत जांच पूरी होने तक 28 जून 2026 की TET परीक्षा को अगली तिथि तक स्थगित किया गया है।परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि TET परीक्षा की नई तिथि और अन्य सभी अपडेट महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।




