मुंबई- मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRC) ने मुंबई मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) पर एक अनूठी पहल करते हुए भारत के पहले मेट्रो पासपोर्ट की बिक्री शुरू कर दी है।‘एक्वा लाइन पासपोर्ट एंड स्टांप ट्रेल’ नाम से शुरू की गई इस विशेष पहल के तहत यात्री खास स्टांप एकत्र कर सकेंगे। इस सीमित संस्करण वाले पासपोर्ट की बिक्री आज से शुरू हो गई है। इसकी कीमत 250 रुपये रखी गई है।
10 मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होगा पासपोर्ट
MMRC के अनुसार, एक्वा लाइन पासपोर्ट कफ परेड, चर्चगेट, हुतात्मा चौक, सीएसएमटी मेट्रो, वर्ली, सिद्धिविनायक, धारावी, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी), सीएसएमआईए-टी2 और मरोल नाका मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध है। यात्री इन स्टेशनों पर जाकर अपने पासपोर्ट पर विशेष स्टांप लगवा सकते हैं और इस तरह अपनी स्टांप ट्रेल पूरी कर सकते हैं।
यह पहल खास तौर पर मेट्रो यात्रियों, पर्यटन प्रेमियों, संग्रहकर्ताओं और मुंबई घूमने आने वाले लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। इसके जरिए मेट्रो यात्रा को अधिक रोचक, यादगार और अनुभवपूर्ण बनाने का प्रयास किया गया है।
पोस्टकार्ड जैसी कलाकृतियां भी होंगी शामिल
एक्वा लाइन पासपोर्ट को आकर्षक रूप देने के लिए इसमें पोस्टकार्ड की तर्ज पर तैयार की गई कलाकृतियां शामिल की गई हैं। साथ ही, अलग-अलग स्टेशनों के स्टांप एकत्र करने के लिए विशेष पन्ने भी दिए गए हैं। इससे यात्रियों को मुंबई शहर की पहली भूमिगत मेट्रो लाइन की यात्रा की याद को एक खास संग्रह के रूप में सहेजने का अवसर मिलेगा।
यह पासपोर्ट मेट्रो-3 के पूरे कॉरिडोर के संचालन की पहली वर्षगांठ के अवसर पर तैयार किया गया है। इस पहल के साथ एक्वा लाइन भारत की पहली ऐसी मेट्रो बन गई है, जिसने अपना विशेष पासपोर्ट और 10 स्टेशनों पर आधारित स्टांप ट्रेल शुरू की है।
सीमित संख्या में उपलब्ध, डिजिटल भुगतान अनिवार्य
मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि पासपोर्ट सीमित संख्या में उपलब्ध हैं और इन्हें ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। इसकी कीमत 250 रुपये है और खरीद के लिए केवल डिजिटल भुगतान स्वीकार किया जाएगा।

