त्योहारों में मिठाइयों की मिठास पड़ी फीकी, 15% तक बढ़े दाम, चीनी-दूध की बढ़ती कीमतों का असर

नई दिल्ली- त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है लेकिन इस बार मिठाइयों की बढ़ती कीमतें लोगों का बजट बिगाड़ रही हैं। देशभर में लड्डू, बर्फी, रसगुल्ले, संदेश और छेना पोड़ा जैसी पारंपरिक मिठाइयों के दाम पिछले साल की तुलना में औसतन 10 से 15 फीसदी तक बढ़ गए हैं। मिठाई कारोबारियों के मुताबिक, चीनी, दूध, खोया, मेवे और ईंधन की लागत बढ़ने से कीमतों में इजाफा करना मजबूरी बन गया है।

कोलकाता से लेकर ओडिशा और दक्षिण भारत तक मिठाई निर्माताओं को बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दुकानदार ग्राहकों को बनाए रखने के लिए फिलहाल कीमतें नहीं बढ़ा रहे हैं लेकिन इससे उनके मुनाफे पर असर पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लंबे समय तक बढ़ी हुई लागत खुद वहन करना संभव नहीं होगा।

ओडिशा में रसगुल्ले, छेना पोड़ा और छेना गाजा सहित पारंपरिक मिठाइयों के दाम में 25 से 30 रुपए प्रति किलोग्राम तक की वृद्धि हुई है। छेना, दूध, चीनी और व्यावसायिक एलपीजी की कीमतें बढ़ने से उत्पादन महंगा हो गया है। वहीं, दक्षिण भारत में काजू, मक्खन, चावल और दाल जैसी सामग्रियों के दाम बढ़ने से मिठाइयों की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। दिल्ली-एनसीआर के कारोबारियों को भी कच्चे माल, परिवहन और कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है।

चीनी और दूध की महंगाई मुख्य वजह

चीनी की बढ़ती कीमतें मिठाई उद्योग के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। महाराष्ट्र की चीनी मिलों में इसकी कीमत करीब 4,300 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 5,200-5,300 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने और शुरुआती भंडार कम रहने से कीमतों में तेजी आई है। हालांकि, नई फसल की पेराई शुरू होने और बाजार में आपूर्ति बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है।

दूध की कीमतों में वृद्धि ने भी मिठाई निर्माताओं की लागत बढ़ाई है। पशु आहार महंगा होने, असमान मानसूनी बारिश और दूध उत्पादन प्रभावित होने की आशंका से कीमतों पर दबाव बना हुआ है। कारोबारियों का कहना है कि त्योहारों में मांग मजबूत रहने के बावजूद ग्राहकों की खरीद क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी है। ऐसे में उन्हें कीमतें बढ़ाने और मुनाफा घटाकर कारोबार चलाने के बीच संतुलन बनाना पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here