वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को मिलेगा डिजिटल सुविधा का लाभ; डिपो और अधिकृत केंद्रों पर शुरू हुआ पंजीयन
मुंबई- महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (MSRTC) की बसों में रियायती यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। 1 अक्टूबर 2026 से अमृत वरिष्ठ नागरिक, वरिष्ठ नागरिक और महिला यात्रियों को रियायती टिकट का लाभ लेने के लिए NCMC (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) व्यवस्था का इस्तेमाल करना होगा।एसटी महामंडल की ओर से राज्य के विभिन्न बस डिपो और प्रमुख बस स्टेशनों पर NCMC कार्ड के पंजीयन और वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था के जरिए रियायती टिकट प्रणाली को डिजिटल बनाने और पात्र यात्रियों का सत्यापन आसान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ETM मशीन से जारी होगा रियायती टिकट
1 अक्टूबर से एसटी बसों में कंडक्टर की ETM मशीन के माध्यम से NCMC कार्ड से रियायती टिकट जारी किया जाएगा। इसलिए छूट का लाभ लेने वाले पात्र यात्रियों को समय रहते NCMC कार्ड के लिए पंजीयन कराने की सलाह दी गई है।
नया NCMC कार्ड बनवाते समय यात्री को QR कोड वाली रसीद दी जाएगी। कार्ड एक्टिवेट होने तक यह रसीद अस्थायी रूप से उपयोग की जा सकेगी। बस में यात्रा के दौरान कंडक्टर ETM मशीन से रसीद पर दिए गए QR कोड को स्कैन कर रियायती टिकट जारी करेगा।यह QR रसीद जारी होने की तारीख से 30 दिनों तक वैध रहेगी। इस अवधि के भीतर यात्री को अपना NCMC कार्ड एक्टिवेट कर उसमें आवश्यक टॉप-अप करना होगा।
कहां बनेगा NCMC कार्ड?
NCMC कार्ड के पंजीयन और वितरण के लिए एसटी बस डिपो, बस स्टैंड तथा डिपो परिसर के बाहर उपलब्ध अधिकृत केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए E-Bix Technologies Limited को अधिकृत एजेंसी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है।यात्री अपने नजदीकी अधिकृत केंद्र पर जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
NCMC कार्ड में राशि डालने के लिए डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्री BHIM ऐप के माध्यम से कार्ड के पीछे दिए गए QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन टॉप-अप कर सकते हैं।
फिंगरप्रिंट नहीं मिलने पर OTP से पंजीयन
आधार बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान जिन पात्र यात्रियों के फिंगरप्रिंट कैप्चर नहीं हो पा रहे हैं, उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है। ऐसे यात्रियों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के माध्यम से NCMC कार्ड के लिए पंजीयन करने की सुविधा दी जा रही है।
1 अक्टूबर से पहले कार्ड बनवाने की अपील
एसटी महामंडल ने वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों से 1 अक्टूबर से पहले NCMC कार्ड के लिए पंजीयन कराने की अपील की है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद रियायती यात्रा का लाभ लेने वाले यात्रियों के लिए NCMC कार्ड और उससे जुड़ी QR रसीद महत्वपूर्ण होगी।डिजिटल कार्ड व्यवस्था से रियायती यात्रा के पात्र यात्रियों की पहचान और टिकट जारी करने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी होने की उम्मीद है। यात्रियों को अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते पंजीयन कराने की सलाह दी गई है।




