नई दिल्ली- जून माह समाप्त होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और 1 जुलाई 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहा है। इन परिवर्तनों का असर नौकरीपेशा कर्मचारियों, पेंशनधारकों, करदाताओं, बैंक ग्राहकों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। रेलवे, बैंकिंग, गैस सिलेंडर और क्रेडिट कार्ड से जुड़े नए नियम लोगों के खर्च और दैनिक जीवन को प्रभावित कर सकते हैं।
1. आधार कार्ड में ई-मेल अपडेट मुफ्त
1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-मेल आईडी अपडेट कराने पर 75 रुपये का शुल्क नहीं लिया जाएगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने नागरिकों को आधार विवरण अपडेट करने के लिए यह विशेष सुविधा प्रदान की है।
2. बिना टिकट रेल यात्रा पर बढ़ा जुर्माना
भारतीय रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर लगने वाला जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। इसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति के टिकट पर यात्रा करने, महिलाओं के आरक्षित डिब्बे में अनधिकृत प्रवेश करने तथा ट्रेन में अनुचित व्यवहार करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
3. एफडी के ब्याज दरों में हो सकता है बदलाव
जुलाई से कई बैंक सावधि जमा (एफडी) पर मिलने वाले ब्याज दरों और संबंधित नियमों में बदलाव कर सकते हैं। ऐसे में नई एफडी कराने या पुरानी एफडी का नवीनीकरण कराने से पहले ग्राहकों को नवीनतम ब्याज दरों की जानकारी लेना लाभदायक रहेगा।
4. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों के आधार पर एलपीजी सिलेंडर के दामों में बदलाव किया जा सकता है। उपभोक्ताओं को जुलाई के पहले सप्ताह में नई कीमतों की घोषणा का इंतजार रहेगा।
5. SBI क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड नियम बदलेंगे
PhonePe SBI Credit Card Purple और Select Black कार्डधारकों के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स अर्जित करने की सीमा तय की जा सकती है। कुछ प्रकार के लेन-देन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे, इसलिए ग्राहकों को नए नियमों की जानकारी रखना आवश्यक होगा।
6. पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते पेट्रोल और डीजल के दामों की समीक्षा की जा सकती है। इसके कारण जुलाई की शुरुआत में ईंधन की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
7. एटीएफ (ATF) ईंधन शुल्क में बदलाव की संभावना
एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और डीजल निर्यात शुल्क की समीक्षा के बाद सरकार जुलाई में नई दरों की घोषणा कर सकती है। इसका प्रभाव विमानन क्षेत्र और हवाई किरायों पर भी पड़ सकता है।इन बदलावों को देखते हुए आम नागरिकों को नए नियमों की जानकारी रखना और अपने वित्तीय एवं यात्रा संबंधी निर्णय उसी के अनुसार लेना आवश्यक होगा।




