अमरावती में 7.12 लाख रुपये के अवैध एचटीबीटी कपास बीज जब्त, एक आरोपी पर मामला दर्ज

अमरावती- खरीफ सीजन के मद्देनजर नकली और अवैध बीजों के खिलाफ कृषि विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में अमरावती जिले में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7 लाख 12 हजार 800 रुपये मूल्य के 432 पैकेट अवैध एचटीबीटी कपास बीज जब्त किए गए हैं।

मामले में एक आरोपी के खिलाफ विभिन्न कानूनों के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।पुलिस विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चांदूर रेलवे तहसील के निमगव्हाण क्षेत्र में अवैध एचटीबीटी कपास बीजों का भंडारण किए जाने की जानकारी कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल को दी गई थी। इसके बाद 10 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे तळेगाव दशासर पुलिस थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान शुभमसिंह बलजीतसिंह चौधरी (21 वर्ष), मूल निवासी वाडी विस्तार वरदिया, जिला कच्छ (गुजरात) तथा वर्तमान में हिरापुर, धामणगांव रेलवे में रह रहा युवक अवैध कपास बीजों का भंडारण करते हुए पाया गया।

कुल 432 पैकेट बीज जब्त

जांच में खेत में छिपाकर रखी गई नौ बोरियों में महाराजा, विराट, ग्लायको गार्ड और कोहिनूर नाम से बेचे जाने वाले एचटीबीटी कपास बीज बरामद किए गए।कुल 432 पैकेट बीज जब्त किए गए, जिनकी कीमत 7 लाख 12 हजार 800 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी के पास बीजों के भंडारण और बिक्री के लिए आवश्यक अनुमति तथा वैध दस्तावेज नहीं थे इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ बीज अधिनियम 1966, बीज नियंत्रण आदेश 1983, कपास बीज अधिनियम 2009, नियम 2010 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जिला स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण टीम के मार्गदर्शन में की गई। छापेमारी में कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ तळेगाव दशासर पुलिस थाने की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।मामले की शिकायत कृषि अधिकारी रवि महादेवराव राणे द्वारा दर्ज कराई गई है और पुलिस तथा कृषि विभाग द्वारा आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here