नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए उसके सात राज्यसभा सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय का ऐलान कर दिया है। इस संबंध में औपचारिक पत्र राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया गया है।आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी। उनके साथ संदीप पाठक ने भी इस फैसले की पुष्टि की।
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट में लिखा कि, “आज भारत के संविधान के प्रावधानों का उपयोग करते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के सभापति को सौंपा गया है। मैंने स्वयं दो अन्य सांसदों के साथ व्यक्तिगत रूप से यह दस्तावेज सौंपा।”
सूत्रों के अनुसार, यह कदम संसदीय नियमों के तहत उठाया गया है, जिसमें किसी दल के दो-तिहाई सांसदों के समर्थन से विलय को मान्यता मिल सकती है।इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसके व्यापक राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।