अकोला- जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के खुलने की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब जिले के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालय 30 जून से शुरू होंगे। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।जानकारी के अनुसार, मई और जून महीने में तापमान लगातार 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गर्मी की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल खोलने की तिथि में बदलाव किया है।
पहले दिन मिलेगा मुफ्त गणवेश और पाठ्यपुस्तकें
शिक्षा विभाग ने बताया कि स्कूल के पहले दिन विद्यार्थियों को मुफ्त गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी। इसके लिए सभी विद्यालयों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले की स्कूलों की स्थिति
जिले में कुल 1127 विद्यालय हैं, जिनमें मराठी, हिंदी, उर्दू और गुजराती माध्यम के स्कूल शामिल हैं। विद्यालय प्रबंधन समितियां और शिक्षा विभाग के अधिकारी पहले दिन विद्यार्थियों का स्वागत करेंगे तथा नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण वातावरण में की जाएगी।
नए पाठ्यक्रम की होगी शुरुआत
इस वर्ष राज्य शिक्षा विभाग द्वारा पहली से चौथी कक्षा तक के पाठ्यक्रम में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार की गई पुस्तकों का वितरण भी पहले दिन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
शिक्षा विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसी दिशा में पहले दिन विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति उत्साह और रुचि बढ़े।
गर्मी के कारण स्कूलों की शुरुआत भले ही कुछ दिन आगे बढ़ी हो, लेकिन शिक्षा विभाग का दावा है कि नए सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 30 जून से विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।




