पुलगांव : महाराष्ट्र में प्रतिबंधित एचटीबीटी (HTBT) बीजों का बड़ा जखीरा वर्धा जिले के नाचणगांव इलाके में पकड़ा गया है। जिला परिषद के कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सोमवार को एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 18 लाख रुपये कीमत के 1850 पैकेट एवैध बीज जब्त किए।
राज्य सरकार ने एचटीबीटी बीजों की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद कुछ बीज कंपनियों द्वारा किसानों को गुमराह कर इन बीजों की अवैध बिक्री किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलगांव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को नाचणगांव में प्रतिबंधित बीजों की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने पुलगांव पुलिस के साथ मिलकर गोदाम पर छापा मारा। अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़ा, जहां 33 बोरियों में एचटीबीटी बीज रखे मिले। सभी बीजों को जब्त कर पुलगांव पुलिस थाने ले जाया गया।
इस कार्रवाई में कृषि अधिकारी संदीप ढोणे, जिला गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी पेटकर, महेश पालवे तथा पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र से कृषि विभाग ने नकली खाद का बड़ा जखीरा पकड़ा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के कारण नाचणगांव क्षेत्र नकली और अवैध कृषि सामग्री का केंद्र बनता जा रहा है। अब यह जांच की मांग उठ रही है कि जब्त किए गए एचटीबीटी बीज जिले के अन्य हिस्सों में भी पहुंचाए गए थे या नहीं।




