भाईदूज पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा? भाई दूज पर पूजा की थाली में क्या-क्या रखना चाहिए?

भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और अपनापन का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। भाई-बहन के पावन रिश्ते को समर्पित भाई दूज का पर्व इस वर्ष 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक कर उनका मुंह मीठा कराती हैं, वहीं भाई भी अपनी बहनों को आजीवन रक्षा का वचन देते हैं। इस पर्व को भाऊ बीज और भात्र द्वितीया भी कहा जाता है और कुछ स्थानों पर इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा भी की जाती है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का यह पर्व यमराज और उनकी बहन यमुना के मिलन की स्मृति में मनाया जाता है। कहते हैं इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर उनसे मिलने गए थे। कहा ये भी जाता है कि जो भाई-बहन इस दिन एक साथ यमुना नदी में स्नान करते हैं उनकी आयु और सौभाग्य में वृद्धि होती है। चलिए अब विस्तार से जानते हैं भाई दूज मनाने की संपूर्ण विधि और तिलक का शुभ मुहूर्त।

पूजा के दौरान तिलक लगाने के साथ आरती करने और मिठाई खिलाने की परंपरा भी निभाई जाती है।ऐसे में पूजा की थाली तैयार करते समय कुछ खास चीजें रखी जाती हैं। हर सामग्री का अपना धार्मिक और पारंपरिक महत्व होता है। आइए जानते हैं भाई दूज की पूजा की थाली में क्या-क्या रखना चाहिए और इन चीजों का क्या महत्व है।

भाई दूज 2026 पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

भाई दूज 2026 पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त 11 नवंबर 2026 की दोपहर 01:10 से 03:20 बजे तक रहेगा। पंचांग अनुसार भाई दूज की तिथि 10 नवंबर की दोपहर 02 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर की दोपहर 03:53 बजे तक रहेगी।

भाई दूज पूजा विधि

  • भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठकर शरीर पर तेल-उबटन आदि करने के बाद स्नान करें।
  • इसके बाद घर के पूजास्थल में पंचोपचार विधि से सभी देवों की पूजा करें।
  • फिर बहनें एक थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीया, मिठाई, कलावा और गोला रखें। इस थाली को पहले भगवान को अर्पित करें।
  • फिर शुभ मुहूर्त में बहनें अपने भाई को एक चौकी पर बिठायें। भाई एक रुमाल या किसी कपड़े से अपने सिर को ढंक लें।
  • इसके बाद बहन भाई को हल्दी, कुमकुम और अक्षत से तिलक लगाएं। फिर भाई के हाथ में कलावा बांधें और उनकी आरती उतारें।
  • अब बहनें भाई को मिठाई खिलाएं और भाई अपनी बहनों को कुछ न कुछ उपहार दें।
  • इस दिन बहनें अपने भाईयों को अपने हाथ का बना कुछ न कुछ पकवान जरूर खिलाएं। कहते हैं ऐसा करना शुभ माना जाता है।
  • यदि भाई और बहन एक ही घर में रहते हैं, तो दोनों साथ में दोपहर में भोजन करें। लेकिन अगर बहन की शादी हो चुकी है तो भाई अपनी बहन के ससुराल में जाकर यह पर्व मनाएं।

भाई दूज की पूजा की थाली में सबसे पहले रोली और अक्षत यानी साबुत चावल रखे जाते हैं। रोली से भाई के माथे पर तिलक लगाया जाता है। हिंदू परंपरा में तिलक को शुभता और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। वहीं अक्षत पूर्णता और मंगलकामना से जुड़े होते हैं। तिलक के साथ अक्षत लगाने की भी परंपरा है।

दीपक और पूजा की थाली

पूजा की थाली में एक छोटा दीपक जरूर रखा जाता है। इसमें घी या तेल डालकर बाती जलाई जाती है। इसके बाद बहन भाई की आरती उतारती है। धार्मिक मान्यताओं में दीपक को प्रकाश, सकारात्मकता और शुभता का प्रतीक माना गया है। आरती के समय परिवार के लोग भी शामिल हो सकते हैं।

मिठाई और बताशे क्यों रखे जाते हैं?

भाई दूज पर पूजा की थाली में मिठाई, बताशे या मिश्री रखना भी शुभ माना जाता है। तिलक और आरती के बाद बहन अपने भाई को मिठाई खिलाती है। यह रस्म रिश्ते में मिठास और प्रेम बनाए रखने का प्रतीक मानी जाती है। परिवार की पसंद के अनुसार घर पर बनी मिठाई भी रख सकते हैं।

फूल और नारियल का महत्व

पूजा की थाली में ताजे फूल रखना भी अच्छी परंपरा मानी जाती है। फूलों को श्रद्धा और भक्ति से जोड़कर देखा जाता है। कुछ परिवारों में नारियल भी रखा जाता है। इसे शुभता और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में पूजा की सामग्री में थोड़ा अंतर हो सकता है।

भाई दूज की पूजा थाली कैसे सजाएं?

सबसे पहले थाली को साफ करके उसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई, फूल और जरूरत के अनुसार नारियल रखें। इसके बाद भाई को तिलक लगाएं, आरती उतारें और मिठाई खिलाएं। पूजा के दौरान भाई-बहन एक-दूसरे के सुखी जीवन की कामना करें। भाई दूज पर कायस्थ समाज द्वारा चित्रगुप्त पूजा का पावन पर्व मनाया जाता है। कहते हैं इस दिन भगवान चित्रगुप्त की विधि विधान पूजा करने से समस्त पापों का नाश हो जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here