6 महीने में भाजपा ने बदले अपने 5 मुख्यमंत्री..अब जानिए आगे क्या होगा ?

गांधीनगर- गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने चुनाव से एक साल पहले अचानक पद से इस्तीफा दे दिया। नया नेता चुनने के लिए भाजपा ने गांधीनगर में रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस मीटिंग से पहले गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंचेंगे। उनका आज शाम को ही गांधीनगर पहुंचने का कार्यक्रम है।

नए CM की रेस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, गुजरात के उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल के नाम शामिल हैं। इनमें मांडविया सबसे आगे बताए जा रहे हैं। शनिवार दोपहर को मनसुख मांडविया और नितिन पटेल गांधीनगर में BJP कार्यालय पहुंचे।

क्या गुजरात में ऐसा पहली बार हो रहा है?
अगले साल नवंबर-दिसंबर में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इस बदलाव को एंटी-इंकम्बेंसी कम करने की कवायद माना जा रहा है। इससे पहले 2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव से साल भर पहले आनंदी बेन पटेल को हटाकर विजय रुपाणी को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

आनंदी बेन मई 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद इस पद पर आई थीं। खुद मोदी भी इसी तरह के बदलाव के बाद पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। अक्टूबर 2001 में जब नरेंद्र मोदी को पहली बार मुख्यमंत्री बनाया गया, उस वक्त भाजपा के केशुभाई पटेल अपना चार साल का कार्यकाल पूरा कर चुके थे।

पिछले छह महीने में पार्टी अपने 5 मुख्यमंत्री बदल चुकी है। हालांकि, पांचों बदलाव बेहद आसान रहे और कहीं भी विरोध का सामना नहीं करना पड़ा। इससे पहले जुलाई में बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here