मूसलाधार बारिश ने किया मुंबई महानगर हाल-बेहाल

महाराष्ट्र विधानसभा सत्र स्थगित, प्राइवेट दफ्तरों को WFH और 16 ट्रेनें रद्द

मुंबई- मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।इस प्राकृतिक आपदा का सीधा असर राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक कामकाज पर भी पड़ा है, जिसके चलते भारी बारिश और जलजमाव के कारण महाराष्ट्र विधानसभा का आज का सत्र स्थगित कर दिया गया है।

प्राइवेट ऑफिसों के लिए दिशा-निर्देश

लगातार हो रही बारिश और सड़कों पर बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मुंबई में काम करने वाले सभी निजी कार्यालय कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने का सख्त निर्देश दिया है।इसके साथ ही, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है, ताकि वे सुरक्षित अपने घरों तक पहुंच सकें। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ-साथ शहर में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

लैंडस्लाइड से मुंबई-पुणे मार्ग प्रभावित

भारी बारिश का सबसे बुरा असर रेल सेवाओं पर पड़ा है। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने जानकारी दी कि कर्जत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड होने के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पूरी तरह प्रभावित हुआ है। इस लैंडस्लाइड के कारण मार्ग के तीनों रेल ट्रैक बाधित हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी ट्रेन या यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई से पुणे जाने वाली लगभग 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 9 ट्रेनों के मार्ग में डायवर्जन किया गया है। इसके अलावा, पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनें जैसे दहानू रोड बोरीवली को विरार में ही शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया है और मुंबई सेंट्रल-वापी ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।

मुंबई सेंट्रल रेलवे की विशेष जानकारी

मुंबई सेंट्रल रेलवे की ओर से जानकारी दी गई है कि ट्रेन नंबर 69174 दहानू रोड–बोरीवली को विरार में ही रोक दिया गया है (शॉर्ट-टर्मिनेट) और यह विरार और बोरीवली के बीच रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 69139 बोरीवली–वलसाड मेमो बोरीवली के बजाय विरार से चलेगी और यह बोरीवली और विरार के बीच रद्द रहेगी। मुंबई सेंट्रल से वापी ट्रेन नंबर 59045 और वापी से मुंबई सेंट्रल ट्रेन नंबर 59040 रद्द कर दी गई है।

प्रशासन की अपील

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को सूचित किया है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। रेलवे और नागरिक प्रशासन ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की है कि जब तक अत्यंत आवश्यक न हो, यात्रा करने से बचें और घर से बाहर निकलने से पहले आधिकारिक अपडेट जरूर देख लें। मुंबई में लगातार होते हादसों और बारिश के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here