भारत में कोरोना का खतरा बढ़ा, ओमिक्रॉन के दो केस मिले

नई दिल्ली- देश में भी कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के केस मिल गए हैं। दोनों मरीज कर्नाटक के रहने वाले हैं। इनमें एक 46 और दूसरा 66 साल का है। हेल्थ मिनिस्ट्री के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के तेजी से फैलने की आशंका है। यह 5 गुना तक ज्यादा संक्रामक हो सकता है। अब तक ओमिक्रॉन के 29 देशों में 373 केस मिल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि एक महीने से देश में कोरोना के केस लगातार घट रहे हैं। चिंता की बात यह है कि 15 जिलों में अब भी पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है। 18 जिलों में यह 5 से 10% बनी हुई है। केरल और महाराष्ट्र ही दो राज्य हैं जहां 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश के 55% से ज्यादा केस यहीं हैं।

हेल्थ मिनिस्ट्री के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि 49% आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज लगे। घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू हो चुका है। देश में इस वक्त कोरोना के 99,763 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में 9,765 नए मामले सामने आए हैं।

देश में कोरोना से जुड़े अन्य अपडेट्स…

विदेशी यात्रियों में कोरोना संक्रमण के चलते महाराष्ट्र ने बनाई ‘अल्ट्रा रिस्क’ कैटेगरी

महाराष्ट्र सरकार ने विदेश से आने वाले यात्रियों में कोरोना के मामलों को देखते हुए एक नई कैटेगरी बनाई है। अल्ट्रा रिस्क कैटेगरी में 6 देशों को रखा गया है। इनमें अफ्रीकी देश बोत्सवाना, नामीबिया, एस्वातिनी, लेसोथो, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इन देशों से आने वाले यात्रियों को इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन होना पड़ेगा।

दक्षिण अफ्रीका से मुंबई आए 4 पैसेंजर कोरोना पॉजिटिव
मुंबई में दक्षिण अफ्रीका से आए 4 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके सैंपल्स को जीनोम टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि ‘एट रिस्क’ देशों से आने वाले यात्रियों का RT-PCR अनिवार्य किया गया है।

ओमिक्रॉन के खतरे पर राज्यों के साथ स्वास्थ्य मंत्री की बैठक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें एयरपोर्ट्स पर कोरोना टेस्टिंग और सर्विलांस के उपायों की समीक्षा की जाएगी। कल ही भारत ने विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नियमों को कड़ा किया है, खास तौर से उन देशों से जहां ओमिक्रॉन केस मिले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here