बीड (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के बीड में महावितरण के रखरखाव और मरम्मत कार्यों के लिए आवंटित 13 करोड़ 70 लाख रुपये के फंड में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में जांच के बाद महावितरण के अधीक्षक अभियंता समेत छह अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
गेवराई के विधायक विजय सिंह पंडित ने 25 अगस्त 2026 को महावितरण के मुंबई स्थित कार्यकारी संचालक के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान रखरखाव और मरम्मत कार्यों के लिए मंजूर 13.70 करोड़ रुपये का फंड नियमों को ताक पर रखकर बांटा गया।
शिकायत के अनुसार, अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच 20 से 25 प्रतिशत तक कमीशन का लेन-देन हुआ तथा चुनिंदा ठेकेदारों को ही काम आवंटित किए गए। आरोप यह भी था कि कई जगह वास्तविक काम किए बिना ही सरकारी निधि का दुरुपयोग किया गया।
तीन बार हुई गोपनीय जांच
शिकायत मिलने के बाद महावितरण के संचालक धनंजय औंढेकर ने जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। इसके तहत अधीक्षक अभियंता नितीन काले और कार्यकारी अभियंता सुनील पावरा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों अधिकारियों ने बीड पहुंचकर तीन बार गोपनीय जांच की और अपनी रिपोर्ट संचालक को सौंपी।
छह अधिकारियों के निलंबन से मचा हड़कंप
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद गुरुवार को महावितरण के संभाजीनगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से छह अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी किए गए। बीड कार्यालय में मानव संसाधन उपप्रबंधक अमोल काले के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रतियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
शीतकालीन अधिवेशन से पहले बड़ी कार्रवाई
इस मामले को लेकर ७ दिसंबर 2026 को महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया जाना था। इससे पहले ही महावितरण प्रशासन ने छह अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।




