देश में ओमिक्रॉन के 33 केस: महाराष्ट्र में 3 साल की बच्ची संक्रमित ; मुंबई में धारा 144 लागू

Maharashtra Covid Omicron Variant Cases District Wise Latest Newsमुंबई- दिल्ली में शनिवार को ओमिक्रॉन का एक नया केस मिला है। इसके साथ ही देश में कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। इधर, महाराष्ट्र में शुक्रवार को 7 नए लोगों में ओमिक्रॉन संक्रमण मिला। इनमें 3 मुंबई से हैं। वहीं, पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ जिले में 4 नए ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं। यहां एक 3 साल की बच्ची में भी ओमिक्रॉन संक्रमण मिला है।

बच्ची के बारे में पता चला है कि वह नाइजीरिया से आई ओमिक्रॉन संक्रमित महिला के संपर्क में आई थी। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य है और उसमें मामूली लक्षण हैं। बच्ची को उसकी मां और परिवार के कुछ और संक्रमित सदस्यों के साथ पिंपरी चिंचवाड़ के जीजामाता हॉस्पिटल के स्पेशल कोविड वार्ड में रखा गया है। इससे पहले इसी परिवार के 6 लोग ओमिक्रॉन संक्रमित हुए थे। जिसमें महिला का भाई और उसकी दो बेटियां शामिल थीं। महिला के संपर्क में आने वाले 22 कोरोना संक्रमित मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग करवाई गई थी। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम को सामने आई है।

महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 17 हुई
देश में सबसे ज्यादा ‘ओमिक्रॉन’ इन्फेक्टेड मरीज अब महाराष्ट्र में ही हैं। अब राज्य में ‘ओमिक्रॉन’ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। अभी भी 30 से ज्यादा संदिग्ध मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आनी बाकी है। मुंबई में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए धारा 144 लगा दी गई है।

दो दिनों के लिए मुंबई में धारा 144
मुंबई में ‘ओमिक्रॉन’ के बढ़ते खतरे को देखते हुए शनिवार और रविवार को पूरे शहर में 144 लगा दी गई है। इस दौरान बड़ी सभाओं, रैलियों और विरोध मार्चों पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस उपायुक्त (संचालन) द्वारा जारी आदेश शनिवार से शुरू होकर सोमवार सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा।

मुंबई के धारावी में भी मिला एक मरीज
शुक्रवार को मुंबई से मिले तीन नए मरीज तंजानिया, UK और दक्षिण अफ्रीका के नैरोबी से आए थे। ये क्रमशः 48, 25 और 37 वर्ष की आयु के पुरुष हैं। इसे लेकर मुंबई में ओमिक्रॉन रोगियों की संख्या 5 हो गई है। ‘ओमिक्रॉन’ को लेकर सबसे चिंताजनक बात यह है कि नए संक्रमितों में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती यानी धारावी का रहने वाला एक शख्स भी शामिल है। 48 वर्षीय यह शख्स के मस्जिद का मौलाना है और तंजानिया से यहां आया था। जानकारी के मुताबिक, इसने वैक्सीन की कोई डोज नहीं ली थी।

नए संक्रमितों में 4 ने ली थी वैक्सीन की दोनों डोज
महाराष्ट्र में मिले 7 नए रोगियों में से 4 ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ली हुई हैं। एक मरीज को कोरोना वायरस के टीके की एक डोज लग चुकी है, जबकि एक मरीज को टीका नहीं लगा है। नए रोगियों में से 4 को किसी तरह के लक्षण नहीं हैं, जबकि अन्य 3 में केवल हल्के लक्षण नजर आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 1 दिसंबर से अब तक 61,439 अंतरराष्ट्रीय यात्री मुंबई, पुणे और नागपुर हवाई अड्डों से राज्य में पहुंचे हैं। इनमें से 9,678 ‘जोखिम वाले’ देशों से आए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here