शनि के चंद्रमा से आ रही हैं जीवन की संभावनाओं की आहट,मिला जीवन के लिए जरुरी तत्व

विज्ञानं / ज्ञान– खगोलविदों ने पता लगाया है कि शनि ग्रह के एक चंद्रमा पर फास्फोरस पाया जाता है, जो पृथ्वी पर जीवन की मौजूदगी के लिए एक महत्वपूर्ण तत्त्व है। शनि ग्रह के बर्फीले चांद एंसलेडस पर यह तत्व पाया गया है।वैज्ञानिकों ने नासा के अंतरिक्ष यान कैसिनी द्वारा भेजे गये आंकड़ों के अध्ययन से यह खोज की है।

कैसिनी शनि का चक्कर लगाने वाला पहला अंतरिक्ष यान है। उसने 2004 से 2017 के बीच 13 साल तक शनि के वातावरण के बारे में जानकारियां भेजी थीं। जर्मनी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के एक दल ने यह अध्ययन किया। कैसिनी अभियान को अंजाम देने वाली जेट प्रोपल्शन लैबोरेट्री (जेपीएल) ने हाल ही में इस खोज की घोषणा की। इसी टीम ने कुछ समय पहले यह भी खोज की थी कि एंसलेडस की बर्फ में खनिजों और जटिल आर्गेनिक यौगिकों जैसे कि अमीनो एसिड के तत्व मोजूद हैं। ये सभी खोजें जीवन पनपने की अनुकूल परिस्थितियों की ओर इशारा करती हैं।जीवन के लिए छह रासायनिक तत्वों को आवश्यक माना जाता है। ये हैं- कार्बन, आक्सीजन, हाइड्रोजन, नाइट्रोजन, सल्फर और फास्फोरस ।

फास्फोरस की उपलब्धता सबसे कम 

इससे पहले के अभियानों में एसलेडास पर बाकी पांच तत्व मिल चुके थे लेकिन फास्फोरस नहीं मिला था। पीएल की ओर से जारी एक बयान में मुख्य शोधकर्ता, बर्लिन की फ्री यूनिवर्सिटी के फ्रांक पोस्टबर्ग ने कहा, यह पहली बार है जबकि पृथ्वी के अतिरिक्त किसी जगह पर जीवन के लिए महत्त्वपूर्ण यह तत्व पाया गया है।फास्फोरस डीएनए की संरचना की मूलभूत जरूरत है। यह कोशिकाओं और ऊर्जा को इधर से | उधर ले जाने वाले मालीक्यूल्स का अहम हिस्सा होता है। पृथ्वी पर मौजूद हर जीवित चीज में फास्फोरस मौजूद है।

ताजा अध्ययन कैसिनी के जिन आंकड़ों पर आधारित है, वे उसने एंसलेडस के दक्षिणी ध्रुव से उड़ने वाले बर्फीले कणों के अध्ययन के दौरान जुटाए थे। कैसिनी शनि के मद्धम से छल्ले के बर्फीले कणों के बीच से भी गुजरा था। इस दौरान उसने एंसलेडस पर महासागरों की खोज की।एंसलेडस पृथ्वी के चंद्रमा का लगभग सातवां हिस्सा ही है। शनि के146 उपग्रहों में से यह छठा सबसे बड़ा उपग्रह है और इसे वैज्ञानिक पृथ्वी के बाद सौरमंडल में जीवन के लिए परिस्थितियों को ध्यान मव रखते हुए यह सबसे अनुकूल जगह मानते हैं।

एस्ट्रोबायोलाजी के लिए एक महत्वपूर्ण खोज

दूसरी जगह बृहस्पति का चंद्रमा यूरोपा है, जिसकी बर्फीली सतह के नीचे पानी का महासागर होने का अनुमान है।एंसलेडस पर फास्फोरस मिलने की अहमियत यह भी है कि पृथ्वी के महासागरों की तुलना में यह सौ गुना अधिक मात्रा में उपलब्ध है। शोधकर्ताओं में से एक क्रिस्टोफर ग्लेन कहते है कि यह एस्ट्रोबायोलाजी के लिए एक आश्चर्यजनक खोज है।

टेक्सस के साउथवेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में पढ़ाने वाले ग्लेन ने कहा, संभव है कि यह महत्वपूर्ण तत्व इतनी मात्रा में उपलब्ध हो कि  एंसलेडस के महासागर में जीवन पनपने में सहायक हो सके।वैज्ञानिक इस बात को जोर देकर कहते हैं कि पानी, जटिल यौगिक और फास्फोरस जैसे तत्वों की मौजूदगी सिर्फ इतना बताती है कि एंसलेडस पर जीवन पनपने लायक हालत हैं। इससे यह पता नहीं चलता कि वहां जीवन मौजूदा है। ग्लेन कहते हैं, एंसलेडस के महासागर में जीवन पनपा या नहीं, अभी यह एक अनसुलझी पहेली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here