अमरावती में अवैध HTBT बीज पर बड़ी कार्रवाई – दैनिक दिव्य हिन्दी खबर का असर

अमरावती – शहर में प्रतिबंधित एचटीबीटी (HTBT) कपास बीजों की अवैध तस्करी के खिलाफ अपराध शाखा और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर से ₹8,06,000 का अवैध बीज जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को रेलवे स्टेशन पर प्रतिबंधित बीजों का पार्सल आने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। इसके आधार पर अपराध शाखा और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पार्सल ऑफिस के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान चेतन सुखलाल ठाकरे (निवासी मंगरुल दस्तगीर, तहसील धामणगांव) के रूप में हुई। जांच के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में अवैध बीज बरामद किए गए।

जब्त माल में ‘व्हाइट गोल्ड 5G कॉटन सीड’ के 473 पैकेट (₹4,73,000), ‘धूम 2 सीड’ के 306 पैकेट (₹3,06,000) तथा अन्य हाइब्रिड बीज के 26 पैकेट (₹26,000) शामिल हैं।

इस मामले में दूसरा आरोपी विशाल प्रकाश भोईर (निवासी नंदुरबार) फरार है। दोनों के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

खबर का असर: प्रशासन हुआ सक्रिय

दैनिक दिव्य हिंदी द्वारा लगातार उठाए जा रहे अवैध HTBT बीज के मुद्दे का असर अब दिखाई देने लगा है। अमरावती में हुई यह कार्रवाई दर्शाती है कि प्रशासन अब काले बाजार पर नकेल कसने के लिए सक्रिय हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here