अकोला- अकोला जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में कार्यरत मुद्रांक जिला अधिकारी किरण चौधरी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इस कार्रवाई से जिला प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के अकोला एमआईडीसी क्षेत्र स्थित एक भूखंड पर बकाया स्टांप शुल्क निर्धारित करने और उसका भुगतान करने की प्रक्रिया के लिए वह संबंधित कार्यालय के कई चक्कर लगा चुका था। इस दौरान उसे बकाया शुल्क की राशि बताई गई। आरोप है कि उक्त राशि कम करने के बदले मुद्रांक जिला अधिकारी किरण चौधरी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत अकोला भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही किरण चौधरी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी अधिकारियों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद जिला कलेक्टर कार्यालय सहित सरकारी विभागों में मामले को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



