एसीबी के छापे में 2.94 करोड़ का खजाना, सह जिला निबंधक के घर से 1.53 करोड़ नकद और सोने की बिस्किटें बरामद

acb

अकोला/जळगांव- अकोला के सिटी कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज रिश्वत प्रकरण में लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी किरण पुरुषोत्तम चौधरी, सह जिला निबंधक एवं मुद्रांक जिलाधिकारी (वर्ग-1), अकोला के जळगांव स्थित विष्णुनगर आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 2 करोड़ 94 लाख 64 हजार 847 रुपये मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, संपत्ति संबंधी दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद हुई। बरामद नकदी और आभूषणों को एसीबी ने जब्त कर लिया है।

एसीबी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन, अकोला में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं 12 के अंतर्गत मामला दर्ज है। इसी मामले की जांच के दौरान जळगांव स्थित आवास की तलाशी के लिए एसीबी, अकोला को विधिवत अधिकार-पत्र प्राप्त हुआ था।

मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने और संभावित साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास

25 जून 2026 को एसीबी की टीम जब तलाशी के लिए पहुंची, तब मकान बंद मिला। इसके बाद पंचों की उपस्थिति में मकान को सील कर दिया गया। जांच के दौरान 27 जून को आरोपी के कुछ रिश्तेदारों ने कथित रूप से मकान के पीछे की गैलरी तथा मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने और संभावित साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया। इस मामले में जळगांव के जिह्लापेठ पुलिस थाने में बीएनएस, 2023 की धारा 305(ब), 331(2), 238 और 62 के तहत अलग से अपराध क्रमांक 207/2026 दर्ज किया गया है।इसके बाद 2 जुलाई को आरोपी की पत्नी मनीषा किरण चौधरी, रिश्तेदारों, दो शासकीय पंचों, स्वर्ण मूल्यांकन विशेषज्ञ (गोल्ड वैल्यूअर) तथा बैंक कैशियर की उपस्थिति में मकान की विस्तृत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान 1 करोड़ 53 लाख 84 हजार 630 रुपये नकद, 60 लाख 57 हजार 135 रुपये मूल्य के 422.100 ग्राम सोने के आभूषण (जिनमें 160 ग्राम वजन की दो सोने की बिस्किटें शामिल हैं), 11 लाख 52 हजार 745 रुपये के सोना खरीदने संबंधी बिल, 31 हजार 416 रुपये मूल्य के 154.100 ग्राम चांदी के आभूषण, 62 लाख 13 हजार 376 रुपये मूल्य की विभिन्न संपत्तियों से संबंधित खरीद-बिक्री व उपहार पत्र (गिफ्ट डीड) सहित दस्तावेज तथा 6 लाख 25 हजार 545 रुपये मूल्य का घरेलू सामान बरामद हुआ।

एसीबी ने तलाशी के दौरान बरामद नकदी और सोने के आभूषणों को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में बरामद संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है। जांच एजेंसी अब दस्तावेजों के आधार पर आरोपी एवं उसके परिवार की चल-अचल संपत्तियों तथा आय के स्रोतों की भी विस्तृत पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here