महाराष्ट्र में हेल्थ सप्लीमेंट कारोबार पर FDA की नजर, भ्रामक विज्ञापन और अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई

मुंबई: हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के नाम पर भ्रामक स्वास्थ्य लाभ का प्रचार करने वाली कंपनियों और विक्रेताओं के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त रुख अपनाया है। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि निर्माता उत्पादों के लेबल और विज्ञापनों में केवल उन्हीं स्वास्थ्य लाभों का दावा कर सकते हैं, जिन्हें नियमों के तहत अनुमति प्राप्त है। वहीं, बिना आवश्यक लाइसेंस जिम में सप्लीमेंट बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

निर्माता से विक्रेता तक तय होगी जवाबदेही

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि हेल्थ सप्लीमेंट की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े निर्माता, थोक विक्रेता, खुदरा दुकानदार और जिम संचालक अपनी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर नहीं डाल सकते। प्रत्येक कारोबारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप हों, उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा बनी रहे तथा आवश्यक FSSAI लाइसेंस मौजूद हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम संचालकों को अपने परिसर में हेल्थ सप्लीमेंट बेचने के लिए भी अलग से जरूरी लाइसेंस लेना होगा। केवल जिम संचालन की अनुमति होने से सप्लीमेंट की बिक्री का अधिकार नहीं मिल जाता।

प्रोटीन पाउडर से मांसपेशियां बनाने के दावों पर सवाल

FDA आयुक्त ने सप्लीमेंट उत्पादों के प्रचार में किए जा रहे भ्रामक दावों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रोटीन पाउडर पीने मात्र से अपने आप मांसपेशियां विकसित होने जैसे दावों का कोई कानूनी आधार नहीं है। कंपनियों को उत्पादों के लेबल और विज्ञापनों में केवल नियमानुसार अनुमत स्वास्थ्य लाभों का ही उल्लेख करना होगा।

लाइसेंस के साथ गुणवत्ता की जिम्मेदारी भी जरूरी

मुंढे ने साफ किया कि FSSAI लाइसेंस होने का मतलब यह नहीं है कि किसी निर्माता या विक्रेता को खराब गुणवत्ता वाले अथवा मिलावटी उत्पाद बेचने की छूट मिल जाती है। लाइसेंस के साथ उत्पाद की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित कारोबारियों की होगी।FDA की इस सख्ती का उद्देश्य हेल्थ सप्लीमेंट बाजार में पारदर्शिता बढ़ाना, उपभोक्ताओं को भ्रामक विज्ञापनों से बचाना और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here