ITR दाखिल करने से पहले निपटा लें ये 3 जरूरी काम

ऑडिट वाले करदाताओं के लिए 21 नवंबर 2026 अंतिम तारीख, छोटी सी गलती पर लग सकता है जुर्माना और ब्याज

नई दिल्ली- आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने वाले करदाताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। ऑडिट के दायरे में आने वाली कंपनियों, एलएलपी (LLP) और अन्य करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में करदाताओं को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते रिटर्न दाखिल करने की तैयारी पूरी कर लेनी चाहिए।आयकर रिटर्न भरते समय छोटी सी गलती भी आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकती है। गलत जानकारी, दस्तावेजों में अंतर या जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने पर करदाताओं को अतिरिक्त शुल्क और ब्याज का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए रिटर्न दाखिल करने से पहले तीन महत्वपूर्ण काम पूरे करना जरूरी है।

1. टैक्स ऑडिट रिपोर्ट और UDIN की करें जांच

रिटर्न दाखिल करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि टैक्स ऑडिट रिपोर्ट वैध UDIN (यूनिक डॉक्यूमेंट आइडेंटिफिकेशन नंबर) के साथ जमा की गई है। ऑडिट के बाद आयकर अधिनियम की धारा 43B के अंतर्गत भुगतान से संबंधित आंकड़ों में कोई बदलाव हुआ है, तो नियम 6G के अनुसार ऑडिट रिपोर्ट में आवश्यक संशोधन करना चाहिए।इससे रिटर्न में गलत या पुरानी जानकारी दर्ज होने की आशंका कम होगी। साथ ही ऑडिट रिपोर्ट और आयकर रिटर्न के आंकड़ों में समानता बनाए रखना भी जरूरी है।

2. PAN-Aadhaar लिंक और बैंक खाते की जांच करें

करदाताओं को यह जांचना चाहिए कि उनका पैन कार्ड आधार से लिंक है या नहीं। इसके अलावा आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर रिफंड प्राप्त करने के लिए निर्धारित बैंक खाते को प्री-वैलिडेट और नॉमिनेट करना जरूरी है।कंपनियों और कई ऑडिट संबंधी मामलों में वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) भी तैयार रखना चाहिए। इससे रिटर्न दाखिल करने और सत्यापन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचा जा सकता है।

3. AIS, TIS और Form 26AS का मिलान करें

आयकर रिटर्न भरने से पहले AIS (एनुअल इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट), TIS (टैक्सपेयर इंफॉर्मेशन समरी) और Form 26AS में दर्ज जानकारियों की जांच करना बेहद जरूरी है।इन दस्तावेजों में दर्ज आय, बैंक ब्याज और TDS की जानकारी का अपने रिकॉर्ड से मिलान करें। यदि किसी प्रकार की गलत या दोहरी प्रविष्टि दिखाई देती है, तो आयकर पोर्टल पर उचित फीडबैक दर्ज करें। इसके अलावा ई-कैंपेन के तहत मिले अलर्ट की जांच कर जरूरी दस्तावेजों के साथ उनका जवाब भी दें।

देर से ITR भरने पर कितना लगेगा जुर्माना?

आयकर रिटर्न दाखिल करने के बाद उसका ई-वेरिफिकेशन करना भी अनिवार्य है। निर्धारित समय के भीतर यानी रिटर्न दाखिल करने के 30 दिनों के अंदर ई-वेरिफिकेशन पूरा करना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर रिटर्न को देर से दाखिल किया हुआ माना जा सकता है।समय सीमा चूकने पर आयकर अधिनियम की धारा 234F के तहत विलंब शुल्क और धारा 234A के तहत बकाया कर पर प्रति माह 1 प्रतिशत की दर से ब्याज लग सकता है।

बिलेटेड रिटर्न के लिए 31 दिसंबर तक मौका

आकलन वर्ष 2026-27 के लिए बिलेटेड रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 बताई गई है। हालांकि, निर्धारित समय सीमा के बाद रिटर्न दाखिल करने पर अतिरिक्त शुल्क और ब्याज का भुगतान करना पड़ सकता है। इसलिए करदाताओं के लिए बेहतर है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना सभी दस्तावेजों की जांच कर समय पर अपना आयकर रिटर्न दाखिल करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here