IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च, टिकट बुकिंग होगी आसान और तेज

रेलवे ने यूजर्स से मांगा फीडबैक, सुझावों के आधार पर किए जाएंगे बदलाव

नई दिल्ली: ट्रेन टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे ने IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी कर दिया है। फिलहाल इसे टेस्टिंग के लिए लॉन्च किया गया है, ताकि यात्री इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव और फीडबैक दे सकें।रेलवे के अनुसार, यूजर्स से मिलने वाले सुझावों के आधार पर वेबसाइट में जरूरी सुधार किए जाएंगे। इसके बाद इसे सभी यात्रियों के लिए पूरी तरह से उपलब्ध कराया जाएगा।

IRCTC की मौजूदा वेबसाइट की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी। करीब 24 साल बाद अब इसके डिजाइन और टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। वर्तमान में IRCTC वेबसाइट पर रोजाना औसतन 14.5 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग होती है।

नया इंटरफेस, आसान होगी टिकट बुकिंग

रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का सबसे बड़ा बदलाव इसका क्लीन और यूजर फ्रेंडली इंटरफेस है। इसमें अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट को कम किया गया है, जिससे यात्रियों को टिकट बुक करने में आसानी होगी।नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। पहले टिकट बुक करते समय कई स्क्रीन और चरणों से गुजरना पड़ता था, लेकिन नए सिस्टम में चेकआउट प्रक्रिया को छोटा और आसान बनाया गया है।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर डिजिटल अनुभव

नई वेबसाइट के जरिए यात्रियों को तेज, सरल और अधिक सुविधाजनक टिकट बुकिंग अनुभव देने की तैयारी है। रेलवे का उद्देश्य है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म को आधुनिक बनाया जाए, जिससे अधिक संख्या में यात्री बिना परेशानी के ऑनलाइन टिकट बुक कर सकें।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई वेबसाइट का इस्तेमाल कर अपने अनुभव साझा करें, ताकि अंतिम लॉन्च से पहले इसमें और सुधार किए जा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here