वॉशिंगटन- खगोल विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए 2 अगस्त 2027 का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दिन लगने वाला पूर्ण सूर्यग्रहण आगामी 100 वर्षों के सबसे लंबे पूर्ण सूर्यग्रहणों में शामिल होगा। ग्रहण के दौरान कुछ क्षेत्रों में सूर्य लगभग 6 मिनट 23 सेकंड तक पूरी तरह चंद्रमा की छाया में रहेगा।विशेषज्ञों के मुताबिक, ग्रहण का पूर्ण दृश्य स्पेन, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र, सऊदी अरब, यमन और सोमालिया सहित कई देशों में देखा जा सकेगा। इस दौरान दिन में कुछ मिनटों के लिए रात जैसा अंधकार छा जाएगा।
वैज्ञानिकों का कहना है कि इतनी लंबी अवधि का पूर्ण सूर्यग्रहण अत्यंत दुर्लभ होता है। इसी कारण यह घटना खगोल प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखती है। अनुमान है कि लाखों लोग इस अद्भुत खगोलीय दृश्य को देखने के लिए उन क्षेत्रों की यात्रा करेंगे जहां ग्रहण स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।जानकारों के अनुसार, इससे पहले इतनी लंबी अवधि का पूर्ण सूर्यग्रहण वर्ष 1991 में देखा गया था। इसके बाद इसी स्तर का अगला लंबा पूर्ण सूर्यग्रहण वर्ष 2114 में होने की संभावना है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि सूर्यग्रहण को देखने के लिए केवल प्रमाणित ग्रहण चश्मे या विशेष सौर फ़िल्टर का ही उपयोग करें। बिना सुरक्षा के सीधे सूर्य को देखना आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।




