महाराष्ट्र 11वीं की पहली अलॉटमेंट लिस्ट कल; जानें कैसे करें कॉलेज में प्रवेश पक्का

अकोला- महाराष्ट्र में कक्षा 11वीं (FYJC) में प्रवेश की राह देख रहे लाखों छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। राज्य के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने घोषणा की है कि कक्षा 11वीं प्रवेश की पहली मेरिट लिस्ट कल यानी शुक्रवार को सुबह 11 बजे आधिकारिक पोर्टल पर प्रसिद्ध की जाएगी। इस सूची के माध्यम से छात्रों को उनके द्वारा चुने गए जूनियर कॉलेज का आवंटन किया जाएगा।इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के लिए राज्य भर से कुल 12,51,294 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 9,08,404 छात्रों ने अपने आवेदन लॉक कर दिए हैं। आंकड़ों के विश्लेषण में एक रोचक तथ्य यह भी सामने आया है कि पंजीकृत छात्रों में से लगभग साढ़े सोलह हजार छात्रों ने अपना लिंग (स्त्री या पुरुष) दर्ज नहीं किया है।

प्रवेश सुनिश्चित करने की प्रक्रिया

जैसे ही मेरिट लिस्ट पोर्टल पर उपलब्ध होगी, संबंधित छात्रों को उनके मोबाइल पर एसएमएस (SMS) के जरिए सूचना भेजी जाएगी। जिन छात्रों को कॉलेज आवंटित कर दिया गया है और वे वहां प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर प्रोसीड फॉर एडमिशन (Proceed for Admission) विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद, छात्रों को आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के लिए संबंधित महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा और 3 जून तक अपना प्रवेश निश्चित करना होगा।

अगले दौर और कक्षाओं की शुरुआत

यदि किसी छात्र को पहली सूची में कॉलेज आवंटित नहीं होता है, तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे छात्र दूसरी चयन सूची के लिए अपने कॉलेज विकल्पों (Preferences) के क्रम में बदलाव कर सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. महेश पालकर के अनुसार, प्रवेश की कुल पांच फेरियां होंगी, जिनमें अंतिम फेरी छात्राओं के लिए विशेष होगी। प्रत्येक फेरी से पहले नए छात्रों को पंजीकरण का अवसर भी मिलता रहेगा।

विभाग ने शैक्षणिक सत्र के संचालन के लिए भी रूपरेखा तैयार कर ली है। दूसरी मेरिट लिस्ट 5 जून के बाद जारी होने की उम्मीद है और सभी प्रवेश प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 1 जुलाई या 15 जुलाई से 11वीं की नियमित कक्षाएं शुरू करने का नियोजन किया गया है। छात्र अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://mahafyjcadmissions.in पर लॉग इन कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here