विदर्भ में भीषण गर्मी का कहर, ब्रह्मपुरी में पारा 47.6 डिग्री पहुंचा

अकोला/नागपुर – विदर्भ क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज गर्म हवाओं और रिकॉर्ड तापमान के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मंगलवार सुबह तक के पिछले 24 घंटों में ब्रह्मपुरी में राज्य का सर्वाधिक 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में विदर्भ में तीव्र लू चलने की संभावना जताई है और लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार अमरावती, वर्धा और चंद्रपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अकोला, नागपुर और गडचिरोली जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है, जिससे नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।इसी बीच नागपुर में लगातार दूसरे दिन मंत्रालय मुंबई की ओर से नागरिकों के मोबाइल फोन पर हाई अलर्ट संदेश भेजा गया। अचानक तेज आवाज के साथ मोबाइल स्क्रीन पर उष्णता संबंधी चेतावनी संदेश दिखाई देने से कई लोग घबरा गए। कुछ नागरिकों ने इसे आपातकालीन चेतावनी समझकर चिंता भी व्यक्त की।

संदेश में अगले 24 घंटों के दौरान भीषण लू की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, सिर पर टोपी या छाता रखने तथा अधिक मात्रा में पानी पीने की अपील की है।प्रशासन ने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की सलाह देते हुए नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here