महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के बड़े फैसले: सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलेगा, सरकारी कर्मचारियों के तबादलों को मिली मोहलत

मुंबई- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार (26 मई 2026) को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। बैठक में परिवहन, सामान्य प्रशासन, उद्योग और राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।सबसे बड़ा फैसला कोकण रेलवे के शिल्पकार और वरिष्ठ समाजवादी नेता स्व. मधु दंडवते की स्मृति में सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने को लेकर लिया गया। मंत्रिमंडल ने स्टेशन का नाम “लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस” करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। यह कोकण क्षेत्र के लोगों की कई वर्षों पुरानी मांग मानी जा रही थी।

बैठक में राज्य सरकारी कर्मचारियों के वर्ष 2026 के सामान्य तबादलों को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने महाराष्ट्र शासकीय कर्मचारियों के तबादलों के नियमन एवं शासकीय कार्यों में देरी रोकने संबंधी 2005 के अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत इस वर्ष होने वाले सामान्य तबादलों की समय-सीमा बढ़ा दी गई है।उद्योग विभाग से जुड़े फैसले में डोंबिवली औद्योगिक क्षेत्र के सोनारपाड़ा स्थित पिंपळेश्वर देवस्थान मंदिर ट्रस्ट को 4 एकड़ 25 गुंठे जमीन देने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने मंदिर ट्रस्ट के उपयोग को नियमित करने और जमीन नाममात्र दर पर ट्रस्ट को देने को मंजूरी दी।

इसके अलावा नागपुर के नए आउटर रिंग रोड और नए नागपुर परियोजना के लिए खरीदी जाने वाली जमीन पर स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ करने का भी फैसला लिया गया। यह जमीन हिंगणा तहसील के गोदणी और लाडगांव (रीठी) क्षेत्र में सीधे बातचीत के जरिए खरीदी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here