नई दिल्ली- भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। इसी कड़ी में अमृत भारत ट्रेनों के कोच को नया और आधुनिक रूप देने की तैयारी की गई है, जिसका निरीक्षण रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत ट्रेनों के नए डिजाइन वाले सैंपल कोच का निरीक्षण किया। इन कोचों को यात्रियों के आराम, बेहतर लुक और सफर के अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। रेलवे के अनुसार, इन कोचों में कई नए बदलाव किए गए हैं, जिससे सफर ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित होगा।
नए रंग और डिजाइन से बदलेगा लुक
नए कोच में अलग-अलग हिस्सों के लिए एक खास रंग योजना बनाई गई है। इसमें पीवीसी फ्लोरिंग, सीट और बर्थ की गद्दी, स्नैक टेबल, पर्दे और शौचालय के हिस्सों में एक जैसा और आकर्षक रंग इस्तेमाल किया गया है।इससे कोच का लुक आधुनिक और साफ-सुथरा दिखाई देगा। साथ ही एक जैसे रंग होने से रखरखाव में भी आसानी होगी। रेलवे का कहना है कि यह बदलाव यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए किया गया है।
सुरक्षा और आराम पर खास ध्यान
इन कोचों में इस्तेमाल किया गया सामान हाई लेवल फायर सेफ्टी (HL3) मानकों के अनुसार है, जिससे आग लगने का खतरा कम होगा। इस पहल का मकसद कोच को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ अंदर का माहौल भी बेहतर करना है।रेलवे लगातार अपने डिब्बों को आधुनिक बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रहा है। रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर भी बताया कि नए डिजाइन के साथ बेहतर टॉयलेट सुविधाएं भी तैयार की गई हैं।
आम लोगों के लिए खास ट्रेन
अश्विनी वैष्णव ने पहले भी कहा था कि अमृत भारत ट्रेन आम लोगों के लिए बनाई गई है, जिसमें बेहतर सीट, पंखे, चार्जिंग पॉइंट और आरामदायक कुर्सियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनरल कोच में भी प्रीमियम कोच जैसी सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है और समय-समय पर इसमें सुधार किया जाएगा।इस दौरान रेल मंत्री ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर करीब 1500 एआई कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही हर कर्मचारी और विक्रेता को पहचान के लिए आईडी कार्ड और जैकेट दी जाएगी, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर हो सके।




