नई दिल्ली – संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए नियमों के अनुसार अब एक बार आईएएस, आईपीएस या आईएफएस जैसी सेवाओं में चयन होने के बाद उम्मीदवारों को बार-बार सिविल सेवा परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी। यह बदलाव सिविल सेवा परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन में लागू किया गया है।
नए नियमों की मुख्य बातें
-
केवल एक अतिरिक्त मौका – जिन उम्मीदवारों का चयन CSE-2025 या उससे पहले के परिणामों के आधार पर किसी सेवा में हो चुका है, उन्हें अपने बचे हुए प्रयास का उपयोग करने के लिए CSE-2026 या CSE-2027 में केवल एक बार परीक्षा देने का मौका मिलेगा।
-
तीसरे प्रयास के लिए इस्तीफा जरूरी – यदि कोई उम्मीदवार CSE-2028 या उसके बाद की परीक्षा में शामिल होना चाहता है, तो उसे अपनी मौजूदा सेवा से पहले इस्तीफा देना होगा।
-
IAS और IFS अधिकारियों पर रोक – जो उम्मीदवार पहले से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) या भारतीय विदेश सेवा (IFS) में नियुक्त होकर सेवा के सदस्य हैं, वे सिविल सेवा परीक्षा 2026 में शामिल नहीं हो सकेंगे।
-
प्रीलिम्स पास करने के बाद भी मेन्स नहीं – यदि कोई उम्मीदवार प्रीलिम्स पास करने के बाद IAS या IFS में नियुक्त हो जाता है और सेवा में बना रहता है, तो उसे मुख्य परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-
IPS में दोबारा चयन नहीं – जो उम्मीदवार पहले से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयनित या नियुक्त हैं, वे CSE-2026 के परिणाम के आधार पर दोबारा IPS का विकल्प नहीं चुन सकेंगे।
-
ट्रेनिंग से एक बार छूट – IAS, IPS या ग्रुप-A सेवा मिलने के बाद उम्मीदवार CSE-2027 में तभी शामिल हो सकेंगे, जब उन्हें संबंधित प्राधिकरण द्वारा ट्रेनिंग से एक बार की छूट दी जाएगी।
-
ट्रेनिंग अनिवार्य – चयनित उम्मीदवारों को फाउंडेशन कोर्स (FC) में ट्रेनिंग में शामिल होना होगा। यदि कोई उम्मीदवार ट्रेनिंग में शामिल नहीं होता या छूट नहीं लेता, तो उसकी सेवा आवंटन रद्द कर दी जाएगी।
-
नए चयन पर पुराना चयन रद्द – यदि उम्मीदवार CSE-2027 में चयनित होता है, तो वह नई सेवा स्वीकार कर सकता है और पुराना सेवा आवंटन स्वतः रद्द हो जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि
सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 फरवरी से शुरू की गई और इच्छुक उम्मीदवारों को 24 फरवरी 2026 तक आवेदन करने का अवसर दिया गया । इस भर्ती अभियान के माध्यम से विभिन्न सिविल सेवाओं के लगभग 933 पदों को भरने की योजना बनाई गई , जिनमें 33 पद दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे गए । उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा दी गई।



