अकोला-अकोला महानगर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने एक अनोखी पहल शुरू की है। ओवर ब्रिज पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को रोकने के उद्देश्य से वाटिका चौक और टावर चौक पर ‘टायर किलर्स’ लगाए गए हैं।इन विशेष उपकरणों की खासियत यह है कि सही दिशा से आने वाले वाहनों के लिए ये स्पीड ब्रेकर की तरह काम करते हैं, जिससे सामान्य यातायात प्रभावित नहीं होता। वहीं, यदि कोई वाहन गलत दिशा से गुजरने की कोशिश करता है तो उसके टायर इन नुकीले ब्लेड पर चढ़ते ही पंक्चर हो जाते हैं।
शहर में ओवर ब्रिज पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से न केवल गलत दिशा में वाहन चलाने की घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि सड़क हादसों पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें



