11 राज्यों में आज से एथेनॉल वाला पेट्रोल मिलेगा

बेंगलुरु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरु में इंडिया एनर्जी वीक 2023 का उद्घाटन करने बेंगलुरु पहुंच गए। इस दौरान पीएम मोदी ने सबसे पहले तुर्कीये में आए भूकंप में मरने वालों को श्रद्धांजलि दी। PM ने सोलर एनर्जी से चलने वाले कुकिंग सिस्टम को भी लॉन्च किया। एनर्जी वीक 8 फरवरी तक चलेगा।

पहले संस्करण का उद्घाटन में पीएम मोदी के साथ पेट्रोलियम-नैचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, गवर्नर थावरचंद गहलोत और CM बसवरा बोम्मई भी मौजूद रहे।

क्या है E20 फ्यूल? कैसे बनता है? क्या फायदा है फलेक्स फ्यूल का?

फ्लेक्स फ्यूल में एक निश्चित अनुपात में एथेनॉल और पेट्रोल का मिश्रण है। इसमें 20% एथेनॉल के साथ 80% पेट्रोल से लेकर 85% एथेनॉल के साथ 15% पेट्रोल मिश्रण तक इस्तेमाल किया जा सकता है।एथेनॉल एक तरह का अल्कोहल है, जो स्टार्च और शुगर के फर्मेंटेशन से बनाया जाता है। एथेनॉल का उत्पादन मुख्य रूप से गन्ने के रस, मक्का, सड़े आलू, कसावा और सड़ी सब्जियों से तैयार किया जा सकता है।इससे प्रदूषण कम होगा, गाड़ियां 35% कम कार्बन मोनोऑक्साइड बनाएंगी। आम आदमी को सस्ता ईंधन मिलेगा। एथेनॉल फसलों से बनेगा, इसलिए किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी।

कहां-कहां मिलेगा?

जिन 11 राज्यों और UT में यह फ्लेक्स फ्यूल मिलेगा उनमें दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, दमन दीव और दादरा और नगर हवेली का नाम शामिल हैं।

कितनी कीमत होगी?

 इस फ्लेक्स फ्यूल की कीमत 60-62 रुपए लीटर होगी। फेज-1 में 15 शहरों को कवर किया जाएगा। फिलहाल यह ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के 84 आउटलेट्स पर मिलेगा।

किन गाड़ियों में चलेगा?

फोर व्हीलर्स में ह्यूंडई मोटर्स ने E-20 फ्लेक्स फ्यूल पर चलने वाली ग्रैंड i10 नियोस, ऑरा, क्रेटा, वेन्यू और एल्काजार के फेसलिफ्ट वर्जन इंडियन मार्केट में उतार चुकी है। वहीं टू-व्हीलर्स में होंडा की एक्टिवा स्मार्ट और हीरो की मेस्ट्रो जूम भी अवेलेबल हैं। इसके अलावा ऑटो एक्सपो-2023 में फ्लेक्स फ्यूल पर चलने वाली मारुति सुजुकी वैगन-आर FFV और टोयोटा कोरोला अल्टिस, सुजुकी जिक्सर 250, होंडा XRE 300 रैली, हीरो ग्लैमर XTec, बजाज पल्सर Ns160, यामाहा FZ-15 ABS, TVS अपाचे RTR 160 4V को पेश कर चुकीं हैं, जो जल्द ही सड़कों पर दिखेंगी।

मौजूदा गाड़ियों में कैसे होगा चेंज?

SIAM के अधिकारी सार्थक बाजपेयी ने बताया कि भारत में सड़कों पर चल रही पुरानी गाड़ियां भी फ्लेक्स फ्यूल पर चलाई जा सकेंगी, लेकिन इन गाड़ियों का माइलेज कम हो जाएगा। जबकि अप्रैल से सिर्फ फ्लेक्स फ्यूल कंप्लाएंट इंजन वाली गाड़ियां ही बेची जा सकेंगी। साथ ही पुरानी गाड़ियां एथेनॉल कंप्लाएंट व्हीकल में चेंज की जा सकेंगी, ऐसा दावा फिलहाल किसी कंपनी ने नहीं किया है।

ऑटो एक्सपो 2023 में लॉन्च हुईं थी फ्लेक्स फ्यूल वाली गाड़ियां

जनवरी में हुए ऑटो एक्सपो-23 में टाटा मोटर्स ने अपने दो नए टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन लॉन्च किए थे। टाटा ने कहा था कि उसकी हैरियर और सफारी SUV में जल्द ही E20 फ्यूल इंजन होगा। अप्रैल 2023 तक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, किआ और ब्रांड भी फ्लेक्स फ्यूल इंजन वाली गाड़ियां तैयार करने वाले हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here