मुंबई-सिंधुर्दुग ग्रीन फिल्ड कोंकण एक्सप्रेस वे बनाने के संरेखण को मिली मंजूरी

मुंबई– प्रदेश सरकार ने मुंबई-सिंधुर्दुग ग्रीन फिल्ड कोंकण एक्सप्रेस वे के अंतिम एलाइनमेंट (संरेखण) को मंजूरी प्रदान कर दी है। यह एक्सप्रेस वे 388.45 किमी लंबा होगा। जो रायगड और रत्नागिरी जिले से गुजरते हुए सिंधुदुर्ग तक जाएगा। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग के तर्ज पर कोंकण एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा।

इससे निर्माण के बाद मुंबई से गोवा तक का सफर आसान हो जाएगा। गुरुवार को राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी किया है। कोंकण एक्सप्रेस वे का निर्माण महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (एमएसआरडीसी) के जरिए किया जाएगा। इस एक्सप्रेस वे को नई मुंबई में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ा जाएगा। इससे कोंकण से नई मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना सुविधाजनक होगा। यह कोंकण एक्सप्रेस वे छह लेन का होगा। जिस पर 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहनों को चलाया जा सकेगा।

कोंकण एक्सप्रेस वे के लिए 100 मीटर चौड़ा भूमि अधिग्रहण किया जाएगा

एक्सप्रेस वे चार पैकेज में बनेगा कोंकण एक्सप्रेस वे की कुल लंबाई 388.45 किमी होगी। कोंकण एक्सप्रेस वे का निर्माण चार पैकेज में होगा। पहले पैकेज में पेण से रत्नागिरी जिले की सीमा तक 94.40 किमी एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। दूसरे चरण में रत्नागिरी जिले की सीमा से गुहागर तक 69.39 किमी, तीसरे चरण में गुहागर से चिपलुन तक 122.81 किमी और चौथे चरण में सिंधुदुर्ग जिले की सीमा से पत्रादेवी गोवा राज्य की सीमा तक 100.84 किमी एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जाएगा।

इन तहसीलों से गुजरेगा एक्सप्रेस वे कोंकण एक्सप्रेस वे रायगड जिले के पेण, अलीबाग, रोहा, तला, माणगाव, म्हसला, रत्नागिरी जिले के मंडणगड, दापोली, खेड़, गुहागर, रत्नागिरी, लांजा, राजापुर और सिंधुदुर्ग जिले के देवगड, मालवण, कुडाल, वेंगुर्ला, सावंतवाडी तहसील से होकर गुजरेगा। कोंकण एक्सप्रेस वे से उद्योगों को गति मिल सकेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here