व्यापारी रमन चांडक की निर्मम हत्या, आर्थिक विवाद की आशंका

बंद फैक्ट्री में मिला शव, पुलिस ने एक संदिग्ध को लिया हिरासत में

अकोला – अकोला जिले के अकोट तालुका में एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है, जहां पोपटखेड मार्ग पर स्थित एक बंद पड़ी बोन फैक्ट्री की इमारत में व्यापारी रमन चांडक की निर्मम हत्या कर दी गई। रमन चांडक मूलतः अकोट तालुका के पणज गाँव के निवासी थे, किंतु पिछले कुछ वर्षों से वे अकोला के गीता नगर में अपने परिवार सहित निवास करने की जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडक का ऑटो डीलिंग तथा रियल स्टेट का व्यवसाय था और हाल के दिनों में उनके कुछ लोगों के साथ आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते उनकी सिर पर पत्थर से प्रहार कर हत्या की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही अकोट ग्रामीण पुलिस दल घटनास्थल पर पहुँचा और आवश्यक छानबीन प्रारंभ की। पुलिस ने घटनास्थल की गहन पड़ताल की है और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या कब और किस परिस्थिति में की गई। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया आरंभ कर दी है। रमन चांडक की हत्या के पीछे की सच्चाई क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here