रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार धड़ाम: सेंसेक्स में सबसे बड़ी गिरावट, कच्चा तेल भी पहुचा 8 साल के सबसे हाई रेट पर देखे

मुंबई- रूस-यूक्रेन युद्ध से आज शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2000 से ज्यादा पॉइंट गिरकर 55226 पर पहुंच गया है। वहीं निफ्टी भी करीब 604 पॉइंट गिरकर 16,459 के करीब कारोबार कर रहा है।

बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निवेशकों को 7 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। वहीं दूसरी ओर सोने में आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है।

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध से मार्केट में गिरावट
दरअसल, रूस ने यूक्रेन पर हमले की घोषणा की है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजार गिरावट में हैं। आज सेंसेक्स 1,814 अंक नीचे 55,416 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 55,984 का ऊपरी और 55,375 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एयरटेल, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक के शेयर्स 3-3% से ज्यादा टूटे हैं।

11 बजे सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स की स्थिति
11 बजे सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स की स्थिति

टेक महिंद्रा, विप्रो भी टूटे
इसी तरह से टेक महिंद्रा, TCS, विप्रो, HCL टेक, HDFC, SBI, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, HDFC बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति, डॉ. रेड्‌डी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ITC के स्टॉक 2 से 3% तक टूटे हैं। पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, टाइटन, नेस्ले, सनफार्मा और NTPC के शेयर एक-एक पर्सेंट तक गिरे हैं।

578 लोअर सर्किट में
सेंसेक्स के 76 शेयर अपर सर्किट में और 578 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनके शेयर्स में एक तय सीमा से ज्यादा की गिरावट नहीं आ सकती है और न ही बढ़त हो सकती है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 2,378 शेयर्स गिरावट में और 270 शेयर्स बढ़त में हैं। 35 शेयर्स एक साल के ऊपरी स्तर और 171 निचले स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

निफ्टी में 476 अंक की गिरावट
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 476 अंक नीचे 16,586 पर कारोबार कर रहा है। यह 16,548 पर खुला था और 16,705 का ऊपरी तथा 16,546 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 50 शेयर्स नीचे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, UPL, इंडसइंड बैंक और अडाणी पोर्ट हैं। इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 68 पॉइंट्स गिर कर 57,232 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29 अंक टूटकर 17,063 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में गिरावट के प्रमुख कारण

  • रूस-यूक्रेन युद्ध से निवेशकों में डर का माहौल है इस कारण वो अपना पैसा मार्केट से निकाल रहे हैं।
  • इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी से बाजार दबाव में है।

100 डॉलर के करीब पहुंचा कच्चा तेल ये इसका 8 साल का हाई 
रूस के यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान के बाद कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के दाम 99.75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं। ये इसका 8 साल का हाई है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इसके दाम 120 डॉलर तक जा सकते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल 20 रुपए तक महंगे हो सकते हैं।

सोना 52 हजार के करीब
आज सोने की कीमत में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर आज 11 सोना 1,182 रुपए की बढ़त के साथ 51,561 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 1,583 रुपए के उछाल के साथ 66,168 पर कारोबार कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना 1,943 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।

रुपए में बड़ी गिरावट
आज डॉलर के मुकाबले रुपए में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। रुपया 55 पैसे गिरकर 75.16 रुपर प्रति डॉलर पर आ गया है। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ था।

ग्लोबल मार्केट का बिगड़ा हाल
बुधवार को यूक्रेन ने इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद अमेरिकी बाजार भारी नुकसान में रहे थे। बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.38%, एसएंडपी 500 1.84% और नैस्डैक कम्पोजिट 2.57% की गिरावट में रहा था। गुरुवार को लगभग सारे एशियाई बाजार नुकसान में हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here