शुभ संयोग:रामनवमी पर 10 साल बाद 24 घंटे रवि पुष्य योग; नवरात्र का आखिरी दिन हर तरह की खरीदी के लिए अबूझ मुहूर्त

इस नवरात्र में ग्रह-नक्षत्रों की शुभ स्थिति की बदौलत हर दिन शुभ योग है। इसके चलते प्रॉपर्टी, वाहन और अन्य चीजों की खरीदारी के लिए नवरात्र में हर दिन शुभ मुहूर्त है। ज्योतिषियों के मुताबिक, देवी आराधना के नौ दिनों के दौरान की गई खरीदारी से समृद्धि और सुख बढ़ता है। नवरात्र में खासतौर से भूमि-भवन और वाहनों की खरीदी-बिक्री शुभ मानी जाती है। यही नहीं, इस साल तिथियों की घट-बढ़ नहीं होने से देवी आराधना के लिए पूरे नौ दिन मिले हैं। यह अपने आप में शुभ संयोग है।

साल में चार रवि पुष्य, रामनवमी वाला चौबीस घंटे रहेगा
ज्योतिषाचार्य पं. प्रफुल्ल भट्ट बताते हैं कि इस बार नवरात्रि के आखिरी दिन यानी रामनवमी पर रवि पुष्य योग बनेगा। इससे पहले ऐसा शुभ संयोग 1 अप्रैल 2012 को बना था। जब रवि पुष्य योग पर चैत्र नवरात्र खत्म हुए थे। 10 अप्रैल, रविवार को सूर्योदय के साथ पुष्य नक्षत्र शुरू होगा, जो अगले दिन सूर्योदय तक रहेगा। इस साल चार रवि पुष्य रहेंगे, लेकिन उनमें ये ही एक ऐसा है जो पूरे 24 घंटे रहेगा। ये खरीदारी का अबूझ मुहूर्त भी होगा। इसके बाद 6 अप्रैल 2025 को फिर ऐसा शुभ योग बनेगा।

नई शुरुआत के लिए अष्टमी-नवमी शुभ

पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र का कहना है कि चैत्र नवरात्र की प्रतिपदा, अष्टमी, नवमी तिथि नई शुरुआत और खरीदी-बिक्री के लिए शुभ होती है। अश्विनी, रोहिणी, मृगशिरा और पुष्य नक्षत्र खरीदारी के लिए शुभ माने जाते हैं। इन तिथि-नक्षत्रों में नई शुरुआत में सफलता मिलना लगभग तय होता है।

नवरात्रि में आखिरी दो दिन शुभ संयोग
9 अप्रैल, शनिवार:
अष्टमी को पुनर्वसु नक्षत्र से छत्र योग बन रहा है। घर, होटल या अपार्टमेंट के लिए प्रॉपर्टी खरीदारी, निर्माण शुभ रहेगा।
10 अप्रैल, रविवार: सर्वार्थसिद्धि, रवि पुष्य और रवियोग होने से हर तरह के शुभ काम के लिए ये दिन अबूझ मुहूर्त रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here