शिक्षा मंत्रालय का सख्त निर्देश, सरकारी और निजी स्कूलों के शिक्षक दायरे में; तीन चरणों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
नई दिल्ली- देश में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब स्कूली शिक्षकों को हर साल अनिवार्य रूप से 50 घंटे का प्रशिक्षण लेना होगा। निर्धारित प्रशिक्षण पूरा नहीं करने वाले शिक्षकों की वेतनवृद्धि और पदोन्नति प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भी पात्रता नहीं मिलने की बात कही गई है। इस व्यवस्था के दायरे में सरकारी और निजी दोनों प्रकार के स्कूलों के शिक्षक आएंगे।
शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में इस व्यवस्था पर अमल शुरू कर दिया है। साथ ही सभी राज्यों को भी इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा और बिहार सहित कई राज्यों में शिक्षक प्रशिक्षण अभियान को गति दी जा रही है।
नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार होगा प्रशिक्षण
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के उद्देश्यों के अनुरूप शुरू की गई है। नई पाठ्यपुस्तकों, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और बच्चों को पढ़ाने के नए तरीकों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को केवल विषय का ज्ञान देने के बजाय विद्यार्थियों की रुचि, समझने की क्षमता और व्यक्तिगत विकास पर ध्यान देने के लिए तैयार किया जाएगा।
देशभर में यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के माध्यम से दिया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इसी पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण की निगरानी भी होगी। प्रत्येक राज्य में कितने शिक्षकों ने प्रशिक्षण पूरा किया है, इसकी जानकारी साप्ताहिक आधार पर राज्यों के साथ साझा की जाएगी।
निजी स्कूलों की मान्यता पर भी पड़ सकता है असर
शिक्षा मंत्रालय ने निजी स्कूलों को भी इस व्यवस्था का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्हें अपने शिक्षकों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण सुनिश्चित करना होगा। ऐसा नहीं करने पर संबंधित स्कूलों की मान्यता पर भी असर पड़ सकता है। मंत्रालय ने हाल ही में राज्यों के स्कूली शिक्षा सचिवों के साथ हुई बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसके लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
तीन चरणों में पूरा होगा 50 घंटे का प्रशिक्षण
शिक्षकों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। इसमें शिक्षण कौशल, व्यक्तिगत विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं।
पहला चरण : 24 घंटे
इस चरण में शिक्षकों को ज्ञान और शिक्षण अभ्यास से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। बच्चों को खेल-खेल में और कहानी के माध्यम से पढ़ाने, बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान तथा सीखने की क्षमता विकसित करने के तरीके सिखाए जाएंगे। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल उपकरणों के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
दूसरा चरण : 14 घंटे
यह चरण शिक्षकों के व्यावसायिक विकास पर केंद्रित रहेगा। इसमें तनाव प्रबंधन, कक्षा का वातावरण खुशनुमा बनाए रखने, विद्यार्थियों की रुचि पहचानने और करियर मार्गदर्शन जैसे विषय शामिल होंगे। साथ ही बच्चों में आपसी सहयोग, मिलजुलकर रहने और सामूहिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे।
तीसरा चरण : 12 घंटे
अंतिम चरण में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर रहेगा। इसमें मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, दिव्यांग विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और सभी वर्गों के बच्चों को समान अवसर देने की जानकारी दी जाएगी। लैंगिक संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण विषय भी इस प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे।
अप्रैल से अभियान में आ सकती है तेजी
शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण से शिक्षक बदलती शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकेंगे। नए शैक्षणिक सत्र में आधुनिक तकनीक, डिजिटल संसाधनों और विद्यार्थी केंद्रित शिक्षण पद्धतियों का उपयोग बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में इस अभियान को और गति मिलने की संभावना है।




