अमरावती में 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते दो नगर रचनाकार रंगे हाथ गिरफ्तार

अमरावती:अमरावती में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर रचना विभाग के दो अधिकारियों को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी कार्यालय के पीछे स्थित सहायक संचालक, नगर रचना कार्यालय में की गई।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपने लेआउट पर पहला सिग्नल/स्वीकृति देने के लिए अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच कर जाल बिछाया।जांच के दौरान एसीबी की टीम ने आरोपी अधिकारियों को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद टीम ने कार्यालय में तलाशी भी ली और आरोपियों से पूछताछ शुरू की।

बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों में नगर रचनाकार तुषार अमित नंद और सहायक नगर रचनाकार गौरव अरुण भगत शामिल हैं। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई एसीबी के पुलिस निरीक्षक सुनील किणके के नेतृत्व में की गई। एसीबी की इस कार्रवाई से नगर रचना विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल क्राइम ब्रांच मामले की आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here