
मराठवाड़ा के धाराशिव, लातूर, नांदेड़ और हिंगोली तथा मध्य महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। 23 फरवरी को पूर्वी विदर्भ के चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की प्रबल संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में वादळी बारिश का अलर्ट
चंद्रपुर, गडचिरोली, सोलापुर, धाराशिव, लातूर, नांदेड़ और हिंगोली।
पिछले 24 घंटों में यहां हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। नागपुर शहर समेत जिले के कुछ इलाकों में आधी रात को तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर तेज धूप के बाद रात में अचानक हुई बारिश से कुछ घरों को नुकसान की भी खबर है।कोल्हापुर और सिंधुदुर्ग जिलों को जोड़ने वाले दाजीपुर-फोंडाघाट क्षेत्र में भी अचानक तेज बारिश हुई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को इससे अस्थायी राहत मिली।
भंडारा जिले में सुबह करीब पांच बजे से गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। इस बेमौसम बारिश से कटाई के लिए तैयार चना, तुअर, मूंग, उड़द और अन्य दलहनी फसलों तथा सब्जियों को नुकसान की आशंका है। हालांकि, ग्रीष्मकालीन धान की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है।मौसम विभाग ने 23 और 24 फरवरी को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
गोंदिया जिले के गोरेगांव, देवरी और सालेकसा तहसीलों सहित कई क्षेत्रों में सुबह से बेमौसम बारिश हो रही है। रबी सीजन की धान फसल को इससे लाभ होने की उम्मीद है, जबकि बागवानी और दलहनी फसलों को नुकसान हो सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की तो कुछ जगह मध्यम बारिश दर्ज की गई।
