मुंबई/ नागपुर- शक्ति चक्रवात के कारण महाराष्ट्र में 3 से 7 अक्टूबर के बीच बड़ा खतरा पैदा हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र तीव्र होने से मुंबई, ठाणे, पालघर सहित तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।
पिछले कुछ दिनों से देशभर के साथ महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। अक्टूबर शुरू हो चुका है, फिर भी बारिश थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। नवरात्रि समाप्त होने के बाद अब दिवाली की तैयारी हो रही है, लेकिन मौसम की मार अभी भी जारी है। आने वाले कुछ दिनों में महाराष्ट्र पर बड़ा तूफ़ान आने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है और गुजरात के पास अरब सागर में भी एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसकी तीव्रता लगातार बढ़ रही है और इसका असर महाराष्ट्र पर भी पड़ सकता है।
महाराष्ट्र पर इस समय “शक्ति” चक्रवात का संकट मंडरा रहा है। राज्य के कुछ जिलों में इस चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है।
किन जिलों को खतरा?
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के जिन जिलों को ‘शक्ति’ चक्रवात का खतरा है उनमें –
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग शामिल हैं।
यह चक्रवात 3 से 7 अक्टूबर 2025 तक असरदार हो सकता है। इस दौरान 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कभी-कभी इनकी गति 65 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।
नागरिकों को सावधान रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
इन जिलों में जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा, मराठवाड़ा और पूर्वी विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।